Trending

अंक तालिका में हैदराबाद अंतिम स्थान पर, कल गुजरात से टक्कर

अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के चलते आईपीएल में अपना विशेष स्थान बनाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए उसकी यह आक्रामकता ही हार का कारण बन रही है और गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को खेले जाने वाले मैच में उसे अपनी इस शैली पर आत्ममंथन करना होगा।

सनराइजर्स ने अपने पहले मैच में 286 रन बनाकर धमाकेदार शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद उसके बल्लेबाजों की आक्रामकता नहीं चल सकी। सनराइजर्स ने अगले तीन मैच में 190, 163 और 120 रन बनाए। उसे इन तीनों मैच में हार मिली।

सनराइजर्स अंक तालिका में 10वें और अंतिम स्थान पर है तथा ऐसा लग रहा है कि विश्व चैंपियन पैट कमिंस की अगुवाई वाली यह टीम बिखर रही है। पिछले साल की उपविजेता सनराइजर्स की टीम आक्रामकता और अति आक्रामकता के बीच संतुलन बनाने में नाकाम रही है तथा उसके अधिकतर बल्लेबाजों ने अपने विकेट इनाम में दिए हैं।

सनराइजर्स के लिए राहत की बात यह है कि उसकी टीम को गुजरात के खिलाफ अगला मैच अपने घरेलू मैदान पर खेलना है जहां रन वर्षा होती रही है। सनराइजर्स को अगर हार की हैट्रिक पूरी करने के बाद लौटे है तो उसके मुख्य बल्लेबाजों ट्रैविस हेड, इशान किशन, हेनरिक क्लासेन को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

टीम के लिए गेंदबाजी भी चिंता का विषय है क्योंकि युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी (चार विकेट) को छोड़कर कोई भी गेंदबाज खतरनाक नहीं दिख रहा है। कप्तान कमिंस की इकोनॉमी रेट 12.30 रन प्रति ओवर है, जबकि उनके देश के एडम ज़म्पा की इकोनॉमी रेट 11.75 है।

अनुभवी मोहम्मद शमी भी महंगे रहे। उन्होंने अभी तक प्रति ओवर 10 रन दिए हैं। जहां तक गुजरात टाइटंस का सवाल है तो ऐसा लग रहा है कि उसकी टीम ने अपनी लय हासिल कर ली है। बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ जीत से उसकी टीम का मनोबल बढ़ा होगा। इस मैच में जोस बटलर ने शानदार अर्धशतक लगाया था।

बटलर, कप्तान शुभमन गिल और बी साईं सुदर्शन की मौजूदगी में उसका शीर्ष क्रम काफी मजबूत है। इन तीनों बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और उम्मीद है कि वह अपनी इस फॉर्म को आगे भी जारी रखेंगे।

गुजरात टाइटंस के मुख्य तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा निजी कारणों से स्वदेश लौटे और यह देखना दिलचस्प होगा की टीम उनकी भरपाई किस तरह से करती है। उनकी जगह ग्लेन फिलिप्स को लिया जा सकता है जिनकी मौजूदगी में गुजरात की बल्लेबाजी और फील्डिंग को भी मजबूती मिलेगी।

सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अथर्व तायदे, अभिनव मनोहर, अनिकेत वर्मा, सचिन बेबी, हेनरिक क्लासेन, ट्रैविस हेड, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, वियान मुल्डर, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, राहुल चाहर, एडम ज़म्पा, सिमरजीत सिंह, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट और ईशान मलिंगा

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, बी साई सुदर्शन, शाहरुख खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल तेवतिया, राशिद खान, निशांत सिंधु, महिपाल लोमरोर, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, मानव सुथार, वाशिंगटन सुंदर, गेराल्ड कोएत्जी, मोहम्मद अरशद खान, गुरनूर सिंह बराड़, शेरफेन रदरफोर्ड, आर साई किशोर, इशांत शर्मा, जयंत यादव, ग्लेन फिलिप्स, करीम जनत, कुलवंत खेजरोलिया