आईपीएल : केएल राहुल का शानदार अर्धशतक, दिल्ली की जीत की हैट्रिक, सीएसके को उसके घर में हराया
केएल राहुल (77) की शानदार अर्धशतकीय पारी के बाद कसी गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण से दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को आईपीएल के 17वे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 25 रन से हराकर जीत की हैट्रिक लगायी।

चेपक स्टेडियम की पिच पर दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुये छह विकेट पर 183 रन बनाये जिसके जवाब में चेन्नई 20 ओवर में पांच विकेट पर 158 रन ही बना सकी। मौजूदा सीजन में दिल्ली की यह तीसरी जीत है।
इस जीत के साथ दिल्ली अभी तक खेले गये सभी तीन मैच जीत कर अंकतालिका में पहले स्थान पर है। इससे पहले अक्षर पटेल के नेतृत्व में दिल्ली ने लखनऊ को एक विकेट से और हैदराबाद को सात विकेट से हराया था। चेन्नई अभी तक खेले गये चार मैचों में तीन को हार चुकी है।
लक्ष्य का पीछा करते हुये चेन्नई को पहला बड़ा झटका इन फार्म बल्लेबाज रचिन रविंद्र (3) के रुप में दूसरे ओवर में ही लग चुका था जबकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड (5) आज के मैच में नहीं चले। डेविड कान्वे 13 रन के निजी स्कोर पर विप्रराज निगम का शिकार बने।
विजय शंकर (69 नाबाद) भी अंपायर के गलत फैसले के चलते एलबीडब्ल्यू होने से बाल बाल बच गये हालांकि बाद में उन्होने एमएस धोनी (30 नाबाद) के साथ 84 रन की साझेदारी की। यह साझेदारी आईपीएल में छठे विकेट के लिए सीएसके के तरफ़ सबसे बड़ी साझेदारी बनी जिसने माइकल हसी और बद्रीनाथ के 73 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ा।
रविंद्र जडेजा को दो रन के निजी स्कोर पर कुलदीप यादव ने पगबाधा आउट किया जबकि शिवम दुबे (18) को विप्रराज ने अपना दूसरा शिकार बनाया। चेपक स्टेडियम पर केएल राहुल की बल्लेबाजी आज आकर्षण का केंद्र बनी।
जेक फ़्रेज़र-मक्गर्क का विकेट गिरने के समय टीम का खाता भी नहीं खुला था। ऐसी प्रतिकूल परिस्थिति में ओपनर राहुल ने एक छोर पर अपना खूंटा गाड़ दिया और अभिषेक पोरल (33),अक्षर पटेल (21), कप्तान अक्षर पटेल (21), समीर रिजवी (20) और ट्रिस्टन स्टब्स (24 नाबाद) के साथ साझीदारी निभाते हुये स्कोरबोर्ड को चलाने का जिम्मा संभाला।
राहुल पारी के अंतिम ओवर में मतीषा पथिराना की गेंद को पुल करने के प्रयास में विकेट के पीछे लपके गये। उन्होने अपनी अर्धशतकीय पारी में 51 गेंद खेली और छह चौके व तीन छक्के लगाये। चेन्नई के लिये खलील अहमद (25 रन पर दो विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की।
उन्होने मक्गर्क और विस्फोटक समीर रिजवी के कीमती विकेट अपने नाम किये। आखिरी के चार ओवर में चेन्नई के गेंदबाजों ने कसी हुयी गेंदबाजी का मुजाहिरा किया और दिल्ली को बड़े स्कोर की ओर जाने से रोक दिया। अंतिम ओवर में दिल्ली ने केएल राहुल और आशुतोष शर्मा के रुप में दो विकेट गंवाये। शर्मा रन चुराने के चक्कर में जडेजा के थ्रो का शिकार बने।