शूटिंग वर्ल्ड कप : 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में रुद्रांक्ष की स्वर्णिम सफलता
पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष बलासाहेब पाटिल ने रविवार को अर्जेंटीना में चल रहे आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीता। वहीं, भारत के ही अर्जुन बाबूता फाइनल में सातवें स्थान पर रहे।

रुद्रांक्ष ने फाइनल की शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी। पहले सीरीज में 53.2 अंक जुटाकर वह टॉप पर रहे और पूरे फाइनल के दौरान अपनी पकड़ बनाए रखी। हंगरी के इस्तवान पेनी एक बार उन्हें चुनौती देने की स्थिति में आए, लेकिन रुद्रांक्ष ने जल्द ही वापसी करते हुए गोल्ड मेडल पक्का कर लिया।
पेनी को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। अर्जुन बाबूता का प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं रहा। उन्होंने शुरुआती पांच शॉट्स में 50.4 अंक हासिल किए। हालांकि एक 10.5 स्कोर ने उन्हें पहले एलिमिनेशन से बचा लिया, लेकिन अगली सीरीज में वह बाहर हो गए और सातवें स्थान पर रहे।
चीन के वांग होंघाओ ने कई बार एलिमिनेशन से खुद को बचाया, लेकिन ब्रॉन्ज मेडल की दौड़ में वह अर्जेंटीना के एम.जे. गुटिरेज़ से पिछड़ गए। गुटिरेज़ ने घरेलू दर्शकों के सामने कांस्य पदक अपने नाम किया।
क्वालिफिकेशन राउंड में बाबूता और रुद्रांक्ष ने क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया। बाबूता ने 634.5 और रुद्रांक्ष ने 633.7 स्कोर किया।
किरण अंकुश जाधव ने भी टॉप आठ में जगह बनाई लेकिन वह आरपीओ (रैंकिंग पॉइंट्स ओनली) के तहत खेल रहे थे, जिससे वह फाइनल में जगह नहीं बना सके। दिव्यांश सिंह पंवार (628.0, आरपीओ) और हृदय हजारिका (624.6) भी प्रतियोगिता में शामिल रहे।