पंजाब में बीजेपी नेता के आवास के बाहर बिस्फोट से अफरा तफरी, जांच में जुटी पुलिस

बीएस राय। पंजाब के जालंधर जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोरंजन कालिया के आवास के बाहर एक “विस्फोट” हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस उपायुक्त मनप्रीत सिंह ने कहा कि नमूने एकत्र करने के लिए फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।
पुलिस ने बताया कि जालंधर में शास्त्री मार्केट के पास कालिया के आवास के बाहर रात करीब 1 बजे तेज आवाज सुनाई दी, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सिंह ने पीटीआई से कहा, “फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।” पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। कालिया पूर्व कैबिनेट मंत्री और पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष हैं।
जालंधर पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। कौर ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस को रात करीब 1 बजे विस्फोट की सूचना मिली।
उन्होंने कहा, “हमने घटनास्थल की जांच की है। हमारी फोरेंसिक टीमों ने भी इसकी जांच की है। हम एफआईआर दर्ज करेंगे और घटना की आगे की जांच करेंगे।” उन्होंने कहा, “हमने इलाके को सुरक्षित कर लिया है।”
यह पूछे जाने पर कि क्या यह हैंड ग्रेनेड हमला था, कौर ने कहा कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। उन्होंने आगे कहा, “हमें जो भी जानकारी मिलेगी, हम उसे साझा करेंगे।”
पिछले चार-पांच महीनों में अमृतसर और गुरदासपुर में पुलिस चौकियों को निशाना बनाकर विस्फोट की कई घटनाएं हुई हैं। पिछले महीने अमृतसर में एक मंदिर के बाहर विस्फोट हुआ था।