Trending

आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार पर फाइन, टीम स्लो ओवर रेट में दोषी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को आईपीएल में तीसरी जीत मिली, लेकिन टीम के कप्तान रजत पाटीदार पर मोटा जुर्माना बीसीसीआई ने ठोका है। बोर्ड ने आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार पर इसलिए फाइन लगाया है, क्योंकि टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया है।

साभार : गूगल

बीसीसीआई ने रजत पाटीदार पर 12 लाख रुपये का फाइन ठोका है। रजत पाटीदार से पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या, राजस्थान रॉयल्स के स्टैंड इन कैप्टन रियान पराग और लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर भी स्लो ओवर रेट के लिए 12-12 लाख का फाइन पहले लग चुका है।

आईपीएल का 20वां लीग मैच मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में आरसीबी निर्धारित समय पर 20वां ओवर शुरू नहीं कर पाई थी। इसका खामियाजा टीम के कप्तान को भुगतना पड़ा।

पहले तो मैच में ही टीम को सजा मिली थी, क्योंकि बाउंड्री लाइन पर टीम चार ही फील्डर रख पाई थी। हालांकि, इसका ज्यादा नुकसान नहीं हुआ, क्योंकि टीम को जीत मिली। हालांकि, मैच के बाद आईपीएल के इस मैच के मैच रेफरी और अंपायरों ने टीम को धीमी ओवर गति बनाए रखने का दोषी पाया और कप्तान को सजा दी।

आईपीएल की ओर से जारी ऑफिशियल मीडिया रिलीज में बताया गया है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार पर जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि उनकी टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल के मैच नंबर 20 के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखी।

चूंकि यह आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के तहत उनकी टीम का सीजन का पहला अपराध था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, पाटीदार पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। आईपीएल के इस सीजन में किसी भी टीम का ये चौथा अपराध था।