संजू सैमसन ने की रियान पराग वाली गलती, लगा 24 लाख का फाइन
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन के लिए बुधवार रात निराशाजनक रही। पहले उनकी टीम को गुजरात के खिलाफ हुए मुकाबले में 58 रनों से हार मिली। बीसीसीआई ने उन्हें लताड़ा। गुजरात के खिलाफ स्लो ओवर रेट की वजह से संजू सैमसन पर 24 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

टूर्नामेंट में दूसरी बार है जब राजस्थान ने बीसीसीआई का यह नियम तोड़ा है जिस वजह से सैमसन समेत पूरी टीम पर जुर्माना लगाया गया है। राजस्थान में शामिल सभी खिलाड़ियों पर 6 लाख या 25 प्रतिशत मैच फीस, जो भी कम हो, का जुर्माना लगाया गया है।
राजस्थान रॉयल्स को पहली बार स्लो ओवर रेट का दोषी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में पाया गया था, उस दौरान बीसीसीआई ने स्टैंड इन कैप्टन रियान पराग पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था।
बीसीसीआई प्रेस रिलीज के अनुसार, “राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन पर उनकी टीम द्वारा अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2025 के मैच नंबर 23 के दौरान स्लो ओवर रेट बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है।”
आगे बताया गया, “यह आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का सीजन का दूसरा अपराध था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, सैमसन पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को उनके बॉलर्स ने निराश किया। गुजरात ने 20 ओवर में 217 रन बनाए। गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने 82 रन की शानदार पारी खेली। इस स्कोर का पीछा करने उतरी राजस्थान 19.2 ओवर में 159 रनों पर ढेर हुई। राजस्थान इस हार के बाद 7वें पायदान पर हैं, वहीं गुजरात टॉप पर है।