कॉनकाकैफ चैंपियंस कप : मेसी के दो शानदार गोल से इंटर मियामी सेमीफाइनल में
लियोनेल मेसी के दो शानदार गोल से इंटर मियामी ने गुरुवार को लॉस एंजेलेस एफसी के खिलाफ 3-1 से जीत के साथ कॉनकाकैफ चैंपियंस कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। दो मुकाबलों के कुल स्कोर में मियामी ने 3-2 से बाजी मारी।

पहले चरण में 0-1 से पिछड़ रही मियामी के लिए लौटने की राह पहले से ही मुश्किल थी, और मुकाबले के 9वें मिनट में एरॉन लॉन्ग ने गोल कर लॉस एंजेलेस एफसी को 2-0 की बढ़त दिलाई। इससे मियामी और अधिक दबाव में आ गई। 35वें मिनट में लियोनेल मेसी ने डी के बाहर से एक बेहतरीन शॉट लगाया, जिसने मियामी को मुकाबले में वापस ला दिया। टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दो और गोल की जरूरत थी।
मियामी को दूसरा गोल तब मिला जब नोहा एलन ने बॉक्स में एक ऊंचा पास दिया, जो मियामी के मिडफील्डर फेडेरिको रेडोंडो और लॉस एंजेलेस के गोलकीपर ह्यूगो लोरिस के बीच से होता हुआ सीधे जाल में चला गया। मेसी के पास पर लुइस सुआरेज़ ने हेडर से गेंद को गोल में डाला, लेकिन सहायक रेफरी ने उन्हें ऑफसाइड बताया। 84वें मिनट में बॉक्स के भीतर मार्लोन के हैंडबॉल की मियामी ने अपील की, जिसे वीडियो समीक्षा के बाद सही माना गया।
मेसी ने पेनल्टी को गोल में बदलकर मियामी को निर्णायक बढ़त दिलाई। अंतिम मिनटों में लॉस एंजेलेस एफसी ने लौटने की भरपूर कोशिश की। डेनिस बुआंगा ने दो बार और रयान हॉलिंग्सहेड ने एक बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन मियामी के गोलकीपर ऑस्कर उस्तारी ने शानदार बचाव करते हुए जीत को सुरक्षित रखा।