फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम : नाकामुरा के खिलाफ अर्जुन एरिगैसी हारे, देखें सेमीफाइनल लाइनअप
युवा भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल के दूसरे दिन हिकारू नाकामुरा के खिलाफ संघर्ष किया, लेकिन 62 चालों तक चले इस कड़े मुकाबले में उन्हें हार मिली।

सफेद मोहरों से खेलते हुए नाकामुरा ने इंग्लिश ओपनिंग से शुरुआत की। शुरुआती खेल में दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की चालों की नकल करते हुए सातवीं चाल पर एक साथ कासलिंग किया। पहले 15 मूव तक मुकाबला संतुलित और सतर्क रहा, जहां दोनों खिलाड़ी बिना जोखिम उठाए खेलते नजर आए।
मिडिल गेम में नाकामुरा ने धीरे-धीरे स्थिति पर नियंत्रण बनाना शुरू किया। उन्होंने अर्जुन की डिफेंसिव रणनीति को तोड़ते हुए लगातार दबाव बनाया।
21 वर्षीय भारतीय ग्रैंडमास्टर ने कड़ी कोशिश की लेकिन समय की कमी और कमजोर होती स्थिति को देखते हुए उन्हें हार स्वीकार करनी पड़ी। इस जीत के साथ नाकामुरा ने सेमीफाइनल में जगह पक्की की। पूर्व विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन ने नोडिर्बेक अब्दुसत्तारोव के खिलाफ दूसरा गेम ड्रॉ खेला, जबकि पहला मुकाबला जीतने से वह सेमीफाइनल में आ गए। फैबियानो कारुआना ने मैक्सिम वाचिएर-लाग्रेव को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
दोनों के बीच पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था, लेकिन दूसरे मैच में कारुआना ने जीत दर्ज की। आखिरी सेमीफाइनल स्थान का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, जहां दो ड्रा मुकाबलों के बाद जर्मनी के 20 वर्षीय विंसेंट कीमर ने रूस के इयान नेपोम्नियाची को हराया।
9वें से 12वें स्थान के प्लेऑफ मुकाबलों में विश्व चैंपियन डी. गुकेश को रिचर्ड रापोर्ट से 1.5-0.5 से हार मिली। गुकेश पहले मुकाबले में हारे थे और दूसरे गेम को ड्रॉ पर समाप्त करने के बाद वह टूर्नामेंट में 11वें स्थान पर रहे। वहीं, एक अन्य भारतीय मुकाबले में आर. प्रज्ञानानंद ने विदित गुजराती को पहले गेम में हराया और दूसरे गेम में ड्रॉ कराकर 1.5-0.5 से जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल मुकाबले
हिकारू नाकामुरा बनाम विंसेंट कीमर
फैबियानो कारुआना बनाम मैग्नस कार्लसन