पंजाब किंग्स के खिलाफ हैदराबाद को दमदार वापसी की उम्मीद
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का अब तक सत्र अच्छा नहीं गया है। हैदराबाद ने इस सीजन में पांच मैच खेले हैं, जिसमें चार में हारी और एक में ही जीत मिली है। लगातार चार हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद पंजाब किंग्स के खिलाफ दमदार वापसी करना चाहेगी।

सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन उसके बाद टीम ने निराश किया। पिछले साल के उप विजेता सनराइजर्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पहले मैच में 286 रन बनाकर 44 रन से शानदार जीत मिली थी लेकिन इसके बाद उसके बल्लेबाज कुंद पड़ गए जिसका असर परिणाम पर भी साथ देखने को मिल रहा है।
आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करने के लिए मशहूर हैदराबाद पिछले तीन मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। उसने इन मैच में 163, 120 और 152 रन ही बनाए। बल्लेबाजों की नाकामी के चलते उसे इन मैच में हार मिली।
इससे उसका नेट रन रेट भी खराब हो गया। सनराइजर्स के पास ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन हैं लेकिन पिछले कुछ मैच में अति आक्रामकता के कारण उन्हें अपने विकेट गंवाने पड़े।
पिछले साल सनराइजर्स की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले हेड और अभिषेक इस बार टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए हैं। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी 15 रन की है।
हेड के प्रदर्शन में आश्चर्यजनक रूप से गिरावट आई है। वह अभी तक पांच पारियों में 67, 47, 22, 04 और 08 रन ही बना पाए हैं। अभिषेक की बल्लेबाजी में भी निरंतरता का अभाव है। मौजूदा सत्र में उनका सर्वोच्च स्कोर 24 रन है। किशन ने पहले मैच में नाबाद शतक लगाया था लेकिन इसके बाद वह अपने इस प्रदर्शन को जारी नहीं रख पाए। सनराइजर्स के मध्यक्रम के मुख्य बल्लेबाज क्लासेन भी उम्मीद पर खरा नहीं उतरे हैं।
सनराइजर्स के लिए बल्लेबाजी ही नहीं गेंदबाजी भी चिंता का विषय है। उसके गेंदबाजों ने अभी तक काफी रन लुटाए हैं। कप्तान पैट कमिंस, मोहम्मद शमी और हर्शल पटेल अभी तक प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
उसके स्पिन गेंदबाजों को बीच के ओवरों में संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसे में टीम एकजुट होकर खेलना चाहेगी और पंजाब को शिकस्त देकर फिर से जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।
पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है। पंजाब के गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन और मार्को यानसन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। युजवेंद्र चहल का अभी बेस्ट आना बाकी है।