Trending

आशी और अभ्युदय ने किया शानदार प्रदर्शन, जीते खिताब

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की आशी शमशेरी और अभ्युदय ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए डा. केएल गर्ग मेमोरियल आइटा सीएस-7 (अंडर-18) टेनिस टूर्नामेंट में क्रमशः बालिका और बालक वर्ग के खिताब अपने नाम कर लिए। उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में यह टूर्नामेंट गोमतीनगर विजयंत खंड स्टेडियम के टेनिस कोर्ट पर डा.केएल गर्ग चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया गया।

डा. केएल गर्ग मेमोरियल आइटा सीएस-7 (अंडर-18) टेनिस टूर्नामेंट

समापन समारोह में एसडीएस टेनिस अकादमी के कोषाध्यक्ष दीपक पाठक और पवन सागर ने पुरस्कार वितरित किए। बालिका वर्ग के फाइनल में दूसरी वरीय आशी शमशेरी ने उत्तर प्रदेश की ही सिद्धि सिंह को 6-3, 6-2 से हराकर खिताब जीता। पूरे मैच में आशी ने शानदार कोर्ट कवरेज का नजारा पेश किया और सटीक शॉट्स लगाए और अपने बेहतरीन खेल से जीत सुनिश्चित की।

वहीं बालक वर्ग में अभ्युदय ने तेजतर्रार सर्विस करने के साथ दमदार फोरहैंड और बैक हैंड शॉट खेलते हुए खिताबी जीत दर्ज की। उन्होंने फाइनल मुकाबले में महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए दबाव बनाया और उत्तर प्रदेश के अनुरुद्ध को 6-1, 6-2 से मात दी।