आईपीएल : केकेआर की दमदार जीत में नारायण का ऑलराउंड शो, सीएसके धराशायी
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल के 25वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को 8 विकेट से हराकर तीसरी जीत दर्ज की। मैच में सीएसके ने पहले खेलते हुए 20 ओवर के बाद 9 विकेट पर 103 रन बनाया। जवाब में छोटे से लक्ष्य को केकेआर ने 11वें ओवर में हासिल किया।

पावरप्ले के बाद 31/2 का स्कोर बनाने वाली सीएसके के बल्लेबाजों ने निराश किया। चेपॉक की पिच पर केकेआर के स्पिनरों के सामने सीएसके का मध्यक्रम लड़खड़ा गया। ऑलराउंडर शिवम दुबे ने नाबाद 31 रन बनाए। उनके अलावा विजय शंकर ने 29 रन का योगदान दिया। वहीं, सुनील नारायण ने 3 विकेट हासिल किए।
जवाब में नारायण की पारी (44) की मदद से केकेआर ने आसान जीत हासिल की। चेपॉक स्टेडियम में सीएसके ने अपना सबसे कम टीम स्कोर दर्ज किया है। यह सीएसके का आईपीएल इतिहास में तीसरा सबसे कम स्कोर है। बता दें कि सीएसके के 2 सबसे कम स्कोर क्रमशः 79 (बनाम मुंबई, 2013) और 97 (बनाम मुंबई, 2022) हैं।
इस मैदान पर किसी भी टीम का सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड अब भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (70/10 बनाम सीएसके, 2019) के नाम दर्ज है।

नारायण ने राहुल त्रिपाठी (16) के रूप में अपना पहला विकेट लिया। इसके बाद उन्होंने रविंद्र जडेजा (0) और विपक्षी कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (1) के रूप में प्रमुख विकेट लिए। स्पिन के लिए मददगार नजर आ रही चेपॉक की पिच पर नारायण की फिरकी के सामने सीएसके के बल्लेबाज बेबस दिखे।
उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 3.20 की इकॉनमी रेट के साथ सिर्फ 13 रन दिए। नारायण ने सीएसके के खिलाफ 21 मैचों में 19.65 की औसत और 6.29 की इकॉनमी रेट के साथ कुल 26 विकेट लिए हैं। वह इस टीम के खिलाफ दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में हरभजन सिंह (24 विकेट) को पीछे छोड़ा है।
बता दें कि सीएसके के विरुद्ध नारायण से ज्यादा विकेट सिर्फ लसिथ मलिंगा (इकॉनमी रेट- 7.23) ने लिए हैं। केकेआर से पारी की शुरुआत करते हुए नारायण ने बल्लेबाजी में भी कमाल किया। उन्होंने 18 गेंदों में 44 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के भी लगाए।