Trending

आईपीएल : निकोलस पूरन का तूफान, लखनऊ ने गुजरात को 6 विकेट से हराया

आईपीएल में गुजरात टाइटन्स को चार मैच जीतने के बाद हार मिली। गुजरात को सीजन के पहले मैच में हार मिली थी और इसके बाद जीटी ने चार मैच जीते, लेकिन शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम के विजयी रथ को ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोका।

BCCI

निकोलस पूरन और एडेन मारक्रम के बल्ले से तूफान आया और इसमें गुजरात टाइटन्स उड़ गई। लखनऊ ने इस मैच को 6 विकेट से जीता, जो उनकी सीजन की चौथी जीत है। निकोलस पूरन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

इकाना स्टेडियम पर लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। हालांकि, उनका फैसला उस समय सही साबित होता नजर नहीं आया, जब गुजरात टाइटन्स ने पहले विकेट के लिए 120 रनों के करीब की साझेदारी की थी।

Associated Press

12 ओवर में 120 रन बनाने के बावजूद गुजरात 180 रन ही 20 ओवर में बना पाई। गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने दमदार अर्धशतक जड़े, लेकिन निकोलस पूरन और एडेन मारक्रम की पारियां उन पर भारी पड़ीं।

लखनऊ से रवि बिश्नोई और शार्दुल ठाकुर को 2-2 विकेट मिले। वहीं, जब टीम 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो मिचेल मार्श की जगह ऋषभ पंत ओपन करने आए। उन्होंने तेज शुरुआत जरूर दिलाई, लेकिन वे सिर्फ 21 रन ही बना सके।

हालांकि, पहले विकेट के लिए साझेदारी 65 रनों की हुई थी। इसके बाद आए निकोलस पूरन ने तूफानी खेल दिखाकर लखनऊ के लिए मैच बनाया। एडेन मारक्रम ने 31 गेंदों में 58 रनों की पारी खेली। बाद में निकोलस पूरन 34 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए।

निकोलस पूरन ने अपनी पारी में सात छक्के जड़े। ऐसा लग रहा था कि गुजरात के स्पिनर और पेसर्स के पास कोई तोड़ उनका नहीं था। मैच को बाद में आयुष बदोनी ने छक्का जड़कर खत्म किया। उन्होंने 20 गेंदों में 26 रन बनाए।

गुजरात टाइटन्स की ओर से दो विकेट प्रसिद्ध कृष्णा को मिले और एक-एक विकेट राशिद खान और वॉशिंगटन सुंदर को मिला। गुजरात की टीम को इस मैच में हार मिलने का कारण ये भी रहा कि उन्होंने बहुत खराब फील्डिंग की। कई मौके उन्होंने गंवाए।