आईपीएल : पांचवीं हार से बचने की कोशिश करेगी मुंबई, दिल्ली से होगी टक्कर
रविवार को खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित के लिए बड़ा मैच है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले मैच में स्पिनरों और लेफ्ट आर्म पेसर मिचेल स्टार्क की कड़ी चुनौती रोहित शर्मा के सामने होगी।

इस चुनौती से पार पाकर हिटमैन खुद को प्रासंगिक बनाए रखने का प्रयास करेंगे। रोहित इस सीजन आईपीएल में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मुंबई को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो दिल्ली के कुशल बल्लेबाज केएल राहुल के सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।
दिल्ली ने टूर्नामेंट के पहले चरण में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और इसलिए वह इस मैच में जीत के दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। दिल्ली की निगाह पांचवीं जीत पर होगी, जबकि हार्दिक पांड्या के नेतृत्व वाली मुंबई की टीम छह मैच में पांचवीं हार से बचने की कोशिश करेगी।
मुंबई के लिए रोहित शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय है जो चार मैच में 38 रन बना पाए हैं। दिल्ली के खिलाफ उन्हें अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे मंझे हुए स्पिनरों के अलावा अब तक शानदार प्रदर्शन करने वाले विपराज निगम से कड़ी चुनौती मिलना सुनिश्चित है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने कुलदीप को अभी तक टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ स्पिनर करार दिया है। कुलदीप ने अभी तक सभी मैच में चार ओवर का अपना कोटा पूरा किया है तथा उन्होंने छह रन प्रति ओवर से भी कम के इकोनॉमी रेट से आठ विकेट लिए हैं।
निगम एक ऑलराउंडर हैं और उन्होंने अभी तक पांच विकेट लिए हैं। कप्तान अक्षर पटेल को अभी तक विकेट नहीं मिला है। मुंबई के खिलाफ वह गेंदबाजी का आगाज कर सकते हैं, क्योंकि रोहित बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ फंस जाते हैं। मुंबई से रोहित के अलावा तिलक वर्मा और उप कप्तान सूर्यकुमार यादव भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मुंबई को अगर जीत की राह पर लौटना है तो इन तीनों बल्लेबाजों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
फिट होकर लौटने वाले बुमराह पहले मैच में खतरनाक नहीं दिखे थे, लेकिन पूरी उम्मीद है कि वह जल्द ही अपनी वास्तविक लय हासिल कर लेंगे। दिल्ली के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए उनका सामना करना बड़ी चुनौती होगी।
दिल्ली के सलामी बल्लेबाज जेक फ़्रेज़र-मैकगर्क रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं लेकिन राहुल काफी अच्छी फॉर्म में हैं। ऐसे में राहुल और बुमराह के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। दिल्ली कैपिटल्स का इस सत्र में अपने घरेलू मैदान पर यह पहला मैच होगा।
उसने अपने पहले दो घरेलू मैच विशाखापट्टनम में खेले थे। कोटला की पिच में पिछले कुछ समय से ढेरों रन बनते रहे हैं और दिल्ली का वर्तमान टीम प्रबंधन इस तरह की पिच नहीं चाहेगा। ये मैच शाम को साढ़े सात बजे से शुरू होगा।
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), जसप्रित बुमरा, सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, नमन धीर, रॉबिन मिंज, कर्ण शर्मा, रयान रिकेलटन, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, विल जैक, अश्विनी कुमार, मिशेल सेंटनर, रीस टॉपले, कृष्णन श्रीजीत, राज अंगद बावा, सत्यनारायण राजू, बेवोन जैकब्स, अर्जुन तेंदुलकर, लिज़ाद विलियम्स और विग्नेश पुथुर
दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), फाफ डु प्लेसी, करुण नायर, समीर रिजवी, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, आशुतोष शर्मा, केएल राहुल, अभिषेक पोरेल, डोनोवन फरेरा, ट्रिस्टन स्टब्स, माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय, मनवंत कुमार, विप्रज निगम, अजय मंडल, दर्शन नालकंडे, मुकेश कुमार, मोहित शर्मा, टी नटराजन, मिशेल स्टार्क, दुष्मंथा चमीरा और कुलदीप यादव