रामजीलाल सुमन को कुछ हुआ तो सीएम योगी होंगे जिम्मेदार, जानिए अखिलेश ने क्यों कही ये बात

बीएस राय। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री योगी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर सपा नेता रामजी लाल सुमन के साथ कुछ भी अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना को अंजाम देने वालों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है और इसमें जातिगत पहलू भी साफ दिख रहा है।
अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम योगी ने एक ‘छिपी हुई भूमिगत फोर्स’ तैयार की है, जो विरोधियों को डराने और दबाने के लिए सक्रिय है। उन्होंने योगी सरकार की तुलना नाजी जर्मनी के तानाशाह हिटलर से की और कहा, ‘हिटलर भी ऐसे सिपाही तैयार करता था जो विपक्ष की आवाज को दबाते थे।’
उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर मुख्यमंत्री, अवनीश अवस्थी जैसे कुछ आईएएस अफसरों और एक मीडिया संस्थान की मिलीभगत से उनका और उनकी पार्टी का अपमान किया जा रहा है। रामजी लाल सुमन विवाद और करणी
रामजी लाल सुमन द्वारा राणा सांगा को ‘देशद्रोही’ कहे जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। इस मुद्दे पर करणी सेना ने आक्रोश जताया और सुमन के घर में तोड़फोड़ की। अखिलेश का कहना है कि यह हमला सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक बदले का हिस्सा है, जिसमें सरकार की मौन सहमति है।
प्रयागराज में एक और संवेदनशील घटना ने माहौल को और भड़का दिया। रामनवमी के दिन महाराजा सुहेलदेव सम्मान सुरक्षा मंच के कार्यकर्ताओं ने सालार मसूद गाजी की दरगाह पर पहुंचकर भगवा झंडा फहराया और जय श्री राम के नारे लगाए। सपा प्रमुख ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस पूरे कृत्य को अंजाम देने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री की जाति का है, इसलिए प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सरकार के इशारे पर हो रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सत्ता अब पूरे प्रदेश की बजाय गोरखपुर से चल रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस सालों में सरकार ने सिर्फ दो-तीन लोगों को ही जमीन के टुकड़े बांटे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर समाज में तनाव पैदा कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह सरकार अब दो साल से ज्यादा नहीं चलेगी।