बेल्जियम में हिरासत में लिया गया फरार हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी

बीएस राय। फरार हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा प्रत्यर्पण अनुरोध के बाद बेल्जियम में हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई 13,000 करोड़ रुपये के पीएनबी बैंक ऋण ‘धोखाधड़ी’ मामले में कथित संलिप्तता के लिए की गई है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि हीरा कारोबारी के खिलाफ यह कार्रवाई शनिवार को की गई।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस को “हटाए जाने” के बाद, भारतीय एजेंसियों, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई ने बेल्जियम से उसके प्रत्यर्पण के लिए कदम उठाया। चोकसी, उसके भतीजे और भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी और उनके परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों, बैंक अधिकारियों और अन्य लोगों पर मुंबई में पीएनबी की ब्रैडी हाउस शाखा में कथित ऋण धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए 2018 में दोनों एजेंसियों द्वारा मामला दर्ज किया गया था।
ईडी ने आरोप लगाया कि चोकसी, उसकी कंपनी गीतांजलि जेम्स और अन्य ने “कुछ बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके पंजाब नेशनल बैंक के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध किया, जिसमें धोखाधड़ी से एलओयू (लेटर ऑफ अंडरटेकिंग) जारी करवाए गए और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना एफएलसी (विदेशी ऋण पत्र) को बढ़ाया गया और बैंक को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाया।”
ईडी ने अब तक चोकसी के खिलाफ तीन आरोप पत्र दायर किए हैं। सीबीआई ने भी उसके खिलाफ इसी तरह के आरोप पत्र दायर किए हैं।