Trending

लॉकी फर्ग्यूसन चोटिल, आईपीएल के पूरे सत्र से बाहर

आईपीएल 2025 के आगाज में पंजाब किंग्स को एक बड़ा झटका लगा है। टीम को जिस गेंदबाज की कमी पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खली थी, वह प्रीमियम पेसर अब पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।

Photo Credit: AFP

ये तूफानी गेंदबाज कोई और नहीं, बल्कि लॉकी फर्ग्यूसन हैं। चोट के कारण न्यूजीलैंड के इस गेंदबाज को इस टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ेगा। इसकी पुष्टि खुद पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने की है।

टीम के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने मुल्लांपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मंगलवार 15 अप्रैल को खेले जाने वाले मैच से एक दिन पहले कहा, “लॉकी फर्ग्यूसन अनिश्चित काल के लिए टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और टूर्नामेंट के अंत तक उन्हें वापस लाना हमारे लिए बहुत कम संभावना है।

मुझे लगता है कि उन्होंने खुद को काफी गहरी चोट पहुंचाई है।” हैदराबाद के खिलाफ वे सिर्फ दो गेंद फेंकने के बाद मैदान से बाहर चले गए थे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में दो गेंदें फेंकने के बाद लॉकी फर्ग्यूसन लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे।

उनकी चोट के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन 33 वर्षीय खिलाड़ी को मैदान से बाहर जाते समय अपनी बाईं जांघ को पकड़ते हुए देखा गया। फर्ग्यूसन ने पंजाब किंग्स के लिए हैदराबाद मुकाबले सहित चार मैचों में पांच विकेट लिए और मुख्य रूप से बीच के ओवरों में गेंदबाजी करने वाली उनकी योजनाओं का अहम हिस्सा रहे।

पंजाब किंग्स के पास न्यूजीलैंड के खिलाड़ी की जगह लेने के लिए ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट सहित कुछ अन्य विकल्प भी हैं, जिनमें अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई एक और अच्छा विकल्प हैं। हालांकि, उनके पास भारतीय खिलाड़ियों के रूप में विजयकुमार वैशाक जैसा खिलाड़ी भी है। वैशाक ने एक ही मैच खेला है और उसमें प्रभाव छोड़ा है।