आईपीएल : पंत की फिफ्टी बेकार, धोनी-दुबे की साझेदारी से सीएसके की 5 विकेट से जीत
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल के 30वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम पर लखनऊ ने पहले खेलते हुए ऋषभ पंत के अर्धशतक से 7 विकेट पर 166 रन बनाया।

जवाब में सीएसके ने शिवम दुबे (43) की पारी की मदद से 19.3 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन बनाकर मैच जीत लिया। लखनऊ ने एडेन मार्करम (6) और निकोलस पूरन (8) के विकेट जल्दी गंवा दिए। कप्तान पंत ने अर्धशतक लगाया, जबकि मिचेल मार्श (30) और अब्दुल समद (20) ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में सीएसके को शेख रशीद (27) और रचिन रविंद्र (37) ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद दुबे और महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरी ओवरों के दौरान अच्छी बल्लेबाजी करते हुए जीत दिलाई। जब लखनऊ ने 23 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया, तब पंत क्रीज पर आए।
उन्होंने सीएसके की सधी हुई गेंदबाजी के सामने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह पारी के आखिरी ओवर के दौरान पथिराना की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 49 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 63 रन बनाए।
महेंद्र सिंह धोनी ने विकेटकीपिंग में अहम उपलब्धि हासिल की। वह बतौर विकेटकीपर 200 शिकार करने वाले आईपीएल में पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने अभी तक 271 आईपीएल मैचों में कुल 201 शिकार कर लिए हैं। इस बीच उन्होंने 155 कैच और 46 स्टम्पिंग की हैं।
धोनी के बाद दूसरे सर्वाधिक शिकार वाले विकेटकीपर दिनेश कार्तिक हैं, जिन्होंने कुल 182 शिकार किए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर एबी डिविलियर्स (126) हैं। स्पिन के लिए मददगार नजर आ रही इकाना स्टेडियम की पिच पर नूर अहमद ने काफी किफायती गेंदबाजी की।
इस चाइनामैन गेंदबाज ने अपने 4 ओवर के कोटे में बिना कोई विकेट लिए सिर्फ 13 रन दिए। वह मौजूदा सत्र में किसी एक मैच में संयुक्त रूप से सबसे किफायती गेंदबाजी (4 ओवर के कोटे में) करने वाले गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले सुनील नरेन ने सीएसके के खिलाफ अपने 4 ओवर में 13 रन दिए थे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके ने जब 76 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब दुबे क्रीज पर आए। उन्होंने शुरुआत में कुछ धीमी गति में बल्लेबाजी की। क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने मैच की परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी की।
उनकी पारी की मदद से सीएसके ने आखिरी ओवर के दौरान लक्ष्य हासिल किया। दुबे ने 37 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए। धोनी ने 11 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए।