Trending

ला लीगा : जूलियन अल्वारेज़ के दो शानदार गोल से एटलेटिको मैड्रिड ने वायडोलिड को हराया

अर्जेंटीना के स्टार स्ट्राइकर जूलियन अल्वारेज़ के शानदार दो गोल से एटलेटिको मैड्रिड ने ला लीगा मुकाबले में रियल वायडोलिड को 4-2 से हराकर खिताबी दौड़ में अपनी उम्मीदें ज़िंदा रखी हैं।

@LaLiga

सोमवार रात मेट्रोपोलिटानो स्टेडियम में बारिश के बीच खेले गए इस मुकाबले में अल्वारेज़ ने दोनों गोल पेनल्टी से किए। मैच की शुरुआत में ही रियल वायडोलिड ने 21वें मिनट में ममाडू सिल्ला के पेनल्टी गोल से बढ़त बनाई थी। इसके बाद एटलेटिको ने वापसी की और 25वें मिनट में जूलियन अल्वारेज़ ने पेनल्टी से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।

चार मिनट बाद ही जुलियानो सिमियोन ने गोल कर एटलेटिको को 2-1 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में वायडोलिड ने भी दम दिखाया। 56वें मिनट में जावी सांचेज़ की फ्री किक को कॉनर गैलाघर के डिफलेक्शन ने गोल में तब्दील कर स्कोर 2-2 कर दिया। लेकिन एटलेटिको ने हार नहीं मानी और 71वें मिनट में फिर से पेनल्टी पर अल्वारेज़ ने गोल कर अपनी टीम को 3-2 से आगे कर दिया।

मैच के 79वें मिनट में अल्वारेज़ का हैट्रिक गोल करने का मौका भी आया, लेकिन वायडोलिड के गोलकीपर आंद्रे फरेरा ने उसका शॉट रोक लिया। इसके रिबाउंड पर एलेक्जेंडर सॉरलॉथ ने गोल कर स्कोर 4-2 कर दिया और टीम की जीत पक्की कर दी।

मैच के बाद अल्वारेज़ ने कहा, ये तीन अंक हमारे लिए अहम हैं। अब हमें अगले मैच पर ध्यान देना है। हैट्रिक का मौका था, लेकिन टीम की जीत ज्यादा ज़रूरी थी। एटलेटिको मैड्रिड की जीत के साथ 63 अंक हो गए हैं और वह तीसरे स्थान पर है। वहीं, वायडोलिड की यह पांचवीं हार है और वह 16 अंकों के साथ तालिका में सबसे नीचे है।