फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम टूर : पेरिस चरण के विजेता बने मैग्नस कार्लसन
शतरंज की दुनिया के दिग्गज मैग्नस कार्लसन ने फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम टूर के पेरिस चरण का खिताब जीता। फाइनल के दूसरे चरण में उन्होंने हिकारु नाकामुरा से ड्रॉ खेला और टूर्नामेंट में पहला स्थान हासिल करते हुए 2,00,000 डॉलर (करीब 1.66 करोड़ रुपये) की इनामी राशि अपने नाम की।

फाइनल के निर्णायक मैच में हिकारु नाकामुरा ने सफेद मोहरों से खेल की शुरुआत की। शुरुआती चरण में नाकामुरा ने आक्रामक रणनीति अपनाई और कार्लसन के h8 घर पर खड़े ऊंट (बिशप) को हराया। नॉर्वे के स्टार खिलाड़ी ने तेजी से जवाबी हमला करते हुए अपने घोड़े और हाथी (नाइट और रूख) की मदद से नाकामुरा की रणनीति पर पानी फेर दिया।
दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला काफी रोचक रहा। मिडगैम में लगातार मोहरे बदले गए और दोनों खिलाड़ियों ने बराबरी का खेल दिखाया। 41 चालों के बाद दोनों ने ड्रॉ पर सहमति जताई, जिसके साथ ही मैग्नस कार्लसन टूर्नामेंट के विजेता बन गए।
टूर्नामेंट में भारत के युवा ग्रैंडमास्टरों ने भी दम दिखाया। आर. प्रज्ञानानंद ने रिचर्ड रैपोर्ट को हराकर नौवां स्थान हासिल किया। वहीं विदित गुजराती और डी. गुकेश ने 11वें स्थान पर टूर्नामेंट समाप्त किया। दूसरी ओर, अर्जुन एरिगैसी पांचवें स्थान की दौड़ में मैक्सिम वाशिए-लाग्रेव से बस एक जीत दूर हैं।