केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सीएम ममता बनजी्र पर लगाया बड़ा आरोप

बीएस राय। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि उन्होंने लोगों से वक्फ अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए कहा और कहा कि वह अपने राज्य में इसे लागू नहीं करेंगी।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने पूछा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री कैसे घोषणा कर सकती हैं कि वह संसद द्वारा पारित संशोधित वक्फ अधिनियम को लागू नहीं करेंगी।

बनर्जी के इस बयान के बारे में संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कि पश्चिम बंगाल में अधिनियम लागू नहीं किया जाएगा, उन्होंने कहा, “कैसे? वह कैसे कह सकती हैं कि वह इसे लागू नहीं करेंगी? वह एक संवैधानिक पद पर बैठी हैं और कानून एक संवैधानिक निकाय द्वारा पारित किया गया है, फिर वह कैसे कह सकती हैं कि वह किसी संवैधानिक चीज का पालन नहीं करेंगी।”

उस राज्य में वक्फ अधिनियम से संबंधित हिंसा के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में रिजिजू ने इसके लिए बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा, “लोगों से प्रदर्शन करने के लिए कहकर और यह कहकर कि वह संसद द्वारा पारित कानून का पालन नहीं करेंगी, मुख्यमंत्री स्पष्ट रूप से हिंसा भड़का रही हैं।” पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर इलाके में सोमवार को वक्फ (संशोधन) अधिनियम से संबंधित हिंसा की ताजा घटनाएं सामने आईं।

इससे पहले राज्य के मुर्शिदाबाद जिले में भी इस अधिनियम को लेकर हिंसा हुई थी।