2028 ओलंपिक : दक्षिण कैलिफोर्निया में होगी क्रिकेट प्रतियोगिता
दक्षिण कैलिफोर्निया का पोमोना शहर 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों के दौरान क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। आईसीसी ने मंगलवार देर रात को यह घोषणा की। क्रिकेट प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग में छह-छह टीमें खेलेगी।

इसका आयोजन पोमोना के फेयरग्राउंड में होगा। यह शहर ओलंपिक खेलों के मुख्य शहर लॉस एंजिल्स से 48 किलोमीटर दूर है। क्रिकेट 128 साल बाद ओलंपिक का हिस्सा बनने जा रहा है। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा, हम लॉस एंजिल्स में क्रिकेट के आयोजन स्थल की घोषणा का स्वागत करते हैं।
यह ओलंपिक में हमारे खेल के लौटने की तैयारी की दिशा में एक अहम कदम है। क्रिकेट लोकप्रिय खेल है, लेकिन यह खेल का विस्तार करने का एक शानदार अवसर होगा। तेज-तर्रार, रोमांचक टी-20 प्रारूप में ओलंपिक में क्रिकेट नए दर्शकों को आकर्षित करेगा। क्रिकेट इससे पहले 1900 के पेरिस ओलंपिक खेलों का हिस्सा था।