आईपीएल : सुपर ओवर में राजस्थान को हराकर दिल्ली ने दर्ज की पांचवीं जीत
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के 32वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को सुपर ओवर में हराकर अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। मैच में पहले खेलते हुए दिल्ली ने 20 ओवर के बाद 5 विकेट पर 188 रन बनाया। जवाब में राजस्थान भी पूरे ओवर खेलने के बाद 4 विकेट पर 188 रन ही बना सकी।

दिल्ली ने फ्रेजर-मैकगर्क (9) और करुण नायर के रूप में जल्दी विकेट खो दिए। इसके बाद अभिषेक पोरेल (49), केएल राहुल (38), ट्रिस्टन स्टब्स (34) और अक्षर पटेल (34) ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में राजस्थान को संजू सैमसन (31) और जायसवाल (51) ने 61 रन की साझेदारी करते हुए उम्दा शुरुआत दिलाई। इसके बाद नितीश राणा (51) ने अच्छी पारी खेली। अंत में ध्रुव जुरेल (26) और शिमरोन हेटमायर (15) ने मैच टाई कराया।
राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन की दरकार थी। मिचेल स्टार्क ने जुरेल व हेटमायर के सामने सिर्फ 8 रन दिए। इसके बाद स्टार्क के ही सुपर ओवर में राजस्थान ने 11 रन बनाए। टीम से संदीप शर्मा सुपर ओवर करने आए। उनके सामने केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने 4 गेंदों में ही लक्ष्य हासिल किया।
राहुल ने 3 गेंदों में नाबाद 7 रन और स्टब्स ने 1 गेंद में नाबाद 6 रन बनाए। दिल्ली के सलामी बल्लेबाज पोरेल ने पारी का दूसरा ओवर करने आए तुषार देशपांडे की खूब धुनाई की। इस बल्लेबाज ने देशपांडे के ओवर में 4 चौके और 1 छक्के लगाते हुए कुल 23 रन बटोरे।
वह अपने आईपीएल करियर के तीसरे और मौजूदा सीजन के दूसरे अर्धशतक बनाने से चूक गए। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे पोरेल 37 गेंदों पर 49 रन की पारी खेलकर आउट हुए। राजस्थान के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने अपने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 33 रन दिए।
उन्होंने अपना चौथा और पारी का 20वां ओवर करते हुए 4 वाइड और 1 नो बॉल की। ऐसे में उन्होंने अपना ओवर समाप्त करने के लिए 11 गेंदे की। वह आईपीएल में एक ओवर में संयुक्त रूप से सर्वाधिक गेंद फेंकने वाले गेंदबाज बने हैं। संदीप से पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे और शार्दुल ठाकुर भी 11-11 गेंदे कर चुके हैं। दिल्ली के सलामी बल्लेबाज फ्रेजर-मैकगर्क ने निराश किया और वह सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए।
वह मौजूदा सत्र में पांचवीं पारी में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके हैं। इस सीजन में उनके बाद ग्लेन मैक्सवेल, आंद्रे रसेल और क्विंटन डिकॉक 4-4 बार दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके हैं। आईपीएल 2025 में मैकगर्क ने 6 पारियों में 9.16 की खराब औसत और 105.76 की स्ट्राइक रेट के साथ सिर्फ 55 रन बनाए हैं।
जायसवाल ने पारी का दूसरा ओवर करने आए मुकेश कुमार के खिलाफ बेहतरीन छक्का लगाया। इसके बाद अगले ओवर में मिचेल स्टार्क के खिलाफ उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का लगाया।
उन्होंने इस सीजन का तीसरा और अपने आईपीएल करियर का 12वां अर्धशतक 34 गेंदों में पूरा किया। वह 37 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 3 चौके और 4 छक्के भी लगाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने जब 71 रन के स्कोर पर रियान पराग का विकेट खोया, तब नितीश राणा क्रीज पर आए।
उन्होंने 26 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 20वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने तेज गति से बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के संघर्ष को जारी रखा। वह 28 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने पारी के 18वें ओवर के दौरान उन्हें पवेलियन की राह दिखाई।