दिल्ली के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल पर जुर्माना लगाने के साथ एक डिमेरिट अंक भी मिला
आईपीएल के रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराया। मैच सुपर ओवर तक गया और बाजी लगी दिल्ली के हाथ।

हालांकि, इस जीत के बीच टीम के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल को चौथे अंपायर से उलझना भारी पड़ गया। बीसीसीआई ने उन पर आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। एक डिमेरिट पॉइंट की सजा भी मिली।
बीसीसीआई ने जारी बयान में बताया, ‘मुनाफ पटेल ने आर्टिकल 2.20 के लेवल 1 के तहत अपना गुनाह कबूल कर लिया है। यह खेल भावना के खिलाफ आचरण से जुड़ा है। उन्होंने मैच रेफरी के जुर्माने को स्वीकार कर लिया है।’
बयान में आगे बताया गया, लेवल 1 के आचार संहिता उल्लंघन के मामले में मैच रेफरी का फैसला आखिरी और बाध्यकारी होता है। बीसीसीआई ने बस इतना बताया है कि मुनाफ पटेल ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है लेकिन कैसे किया है, उनके किस व्यवहार से हुआ है, ये नहीं बताया है।
2011 वनडे वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे मुनाफ पटेल का बुधवार के मैच के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में वह चौथे अंपायर के फैसले पर झल्लाते और चिल्लाते दिख रहे हैं।
जब दिल्ली की गेंदबाजी जारी थी तब वह किसी खिलाड़ी को अपने संदेश के साथ ग्राउंड में भेजना चाहते थे लेकिन चौथे अंपायर ने उसकी इजाजत नहीं दी। उसके बाद वह चिल्लाते दिखे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि उन पर जुर्माना इसी वजह से लगा है।