Trending

विश्व क्वालीफाइंग : तन्वी खन्ना और अनहत सिंह की क्वार्टरफाइनल में एंट्री

भारतीय स्क्वॉश खिलाड़ी तन्वी खन्ना ने विश्व चैंपियनशिप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट (एशिया) के शुरुआती दौर में बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने गुरुवार को शीर्ष वरीय हांगकांग की एन चिंग चेंग को हराया।

साभार : गूगल

विश्व रैंकिंग में 134वें स्थान पर रहने वाली तन्वी ने 76वें स्थान पर काबिज हांगकांग की खिलाड़ी को 3-1 (11-7 11-8 8-11 12-10) से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अंतिम आठ में उनका मुकाबला हांगकांग की हेलेन टैंग (विश्व रैंकिंग 97) से होगा।

एक अन्य मैच में भारत के अनहत सिंह ने फिलिपींस की जेमिका एरिबाडो को 3-0 (11-4 11-5 11-7) से हराया। अनहत क्वार्टर फाइनल में जापान की अकारी मिडोरिकावा से भिड़ेंगे।

दूसरी वरीय आकांक्षा सालुंखे ने निचली रैंक वाली जापान की रीसा सुगिमोटो को 3-0 (11-4 11-3 11-8) से हराकर क्वार्टर में जगह बनाई। अब उनका मुकाबला छठी वरीय सिंगापुर की वाई यहान से होगा।

पुरुषों के वर्ग में विश्व में 63वें स्थान पर रहने वाले वीर चोटरानी ने निचली रैंकिंग वाले मलेशियाई प्रतिद्वंद्वी ओंग साई हंग को 3-0 (11-7 11-8 14-12) से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब वह एक अन्य मलेशियाई मोहम्मद सयाफिक कमाल का सामना करेंगे।