आईपीएल के बीच में गुजरात टाइटन्स में बड़ा बदलाव, इस श्रीलंकाई खिलाड़ी को साइन किया
आईपीएल 2025 के बीच में गुजरात टाइटन्स को अपनी टीम में एक बदलाव करना पड़ा है। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स चोट के चलते आईपीएल के 18वें सीजन से बाहर हो गए हैं। ऐसे में गुजरात ने श्रीलंकाई ऑलराउंडर दासुन शनाका को साइन किया है।

आईपीएल से भी जीटी को ग्लेन फिलिप्स के रिप्लेसमेंट की अनुमति मिल गई है और दासुन शनाका को बोर्ड ने अप्रूव कर दिया है। टूर्नामेंट के 18वें सीजन के बाकी बचे मैचों में दासुन शनाका इंजर्ड ग्लेन फिलिप्स की जगह लेंगे। ऑलराउंडर दासुन शनाका ने श्रीलंका के लिए 102 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
इन मैचों में उन्होंने 1456 रन बनाए हैं और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 33 विकेट भी अपने नाम किए हैं। उन्होंने श्रीलंका के लिए 71 वनडे और 6 टेस्ट मैच भी खेले हैं। ऐसे में गुजरात को एक अच्छा विकल्प मिड सीजन मिला है। दासुन शनाका 2023 में गुजरात टाइटन्स का हिस्सा थे और उनको सीजन में तीन मैच खेलने का मौका मिला था।
2024 से पहले उनको रिलीज कर दिया गया था। वहीं, अब इस ऑलराउंडर को 75 लाख रुपये में गुजरात टाइटन्स ने सीजन के लिए साइन किया है। हालांकि, इस सीजन भी उनको बहुत कम मैचों में खेलने का मौका मिलेगा, क्योंकि गुजरात की टीम सेटल लग रही है।
आईपीएल 2025 की बात करें तो गुजरात टाइटन्स ने 6 मैच खेले हैं, जिनमें से चार मुकाबले जीते हैं। खतरनाक ऑलराउंडर होने के बावजूद ग्लेन फिलिप्स को आईपीएल के एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला।
ऐसे में दासुन शनाका भी शायद पूरे सीजन बेंच पर बैठे रह सकते हैं। हालांकि, परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए टीमों को रिप्लेसमेंट लेना पड़ता है। यही कारण है कि जीटी ने दासुन शनाका के साथ साझेदारी की है। वे जीटी के सेटअप को समझते भी हैं।