Trending

अजमेर शरीफ के दर पर एलएसजी टीम, आईपीएल में जीत की मुराद मांगी

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाड़ी अजमेर शरीफ पहुंचे और सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती रहमतुल्लाह अलेह की दरगाह में हाजिरी दी.

साभार : गूगल

कड़ी सुरक्षा के बीच टीम के सदस्यों ने ख्वाजा साहब की मजार पर चादर और फूल पेश कर अकीदत का इहार किया. क्रिकेटरों ने परिसर में मन्नत का धागा बांधा और सिर झुकाकर दुआ मांगी. दरगाह में एलएसजी खिलाड़ियों की मौजूदगी से क्रिकेट प्रेमियों और ज़ायरीनों में उत्साह देखने को मिला. लोग अपने मोबाइल फोन से खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खींचते दिखे.

एलएसजी टीम ने दरगाह के निजाम गेट से एंट्री ली और बुलंद दरवाजा होते हुए जन्नती दरवाजा पार कर पायती गेट से होते हुए ख्वाजा साहब के आस्ताना शरीफ पहुंचे. यहां सभी खिलाड़ियों टीम की कामयाबी की दुआ मांगी. दरगाह के खादिम सैय्यद इमरान चिश्ती ने टीम के प्रमुख खिलाड़ी जहीर खान को जियारत कराई, जबकि सैय्यद सलमान चिश्ती उर्फ मुन्ना मियां ने आवेश खान समेत अन्य खिलाड़ियों को दरगाह की रस्म पूरी कराई.

दरगाह के खादिम एसएफ अमीन चिश्ती ने बताया कि एलएसजी टीम ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन और जीत के लिए विशेष दुआ मांगी है. इस मौके पर दरबार की परंपरागत दस्तारबंदी भी की गई और खिलाड़ियों को तबर्रुक (दरगाह की सौगात) भी भेंट किया गया.