Trending

आईपीएल : पंजाब किंग्स की पांचवीं जीत, आरसीबी को दी मात

पंजाब किंग्स ने आईपीएल के 34वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 5 विकेट से हराया। इस सत्र पंजाब की पांचवीं जीत है। बारिश की वजह से मैच 14 ओवर का हो गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी 9 विकेट पर 95 रन ही बना पाई। जवाब में पंजाब ने 5 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Associated Press

आरसीबी इस सत्र तीसरा मुकाबला हारी है। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और आरसीबी के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टिम डेविड (50) को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाया। रजत पाटीदार ने 23 रन बनाए।

पंजाब के सभी गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की। जवाब में पंजाब को भी शुरुआती झटके लगे, लेकिन लक्ष्य छोटा होने के कारण उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई। नेहाल वढेरा ने शानदार 33 रन बनाए। पहली पारी में आरसीबी के 7 बल्लेबाज सिर्फ 42 रन पर पवेलियन में थे।

यहां से डेविड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बना दिए। उनके बल्ले से 5 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 192.31 की रही। यह उनके आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक रहा।

उन्होंने अब तक कुल 45 आईपीएल मुकाबले खेले हैं और 33.38 की औसत से 801 रन बनाने में सफल रहे हैं। पाटीदार ने 23 रनों की पारी के दौरान एक खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 15वां बनाते ही आईपीएल में 1,000 रन पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले आरसीबी के 8वें बल्लेबाज बने हैं।

वह अब तक 34 मैच की 30 पारियों में 34.76 की औसत और 158.49 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,008 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 9 अर्धशतकों के अलावा 1 शतक भी जड़ा है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112 रन का रहा है।

पाटीदार आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। आईपीएल में सबसे तेज 1,000 रन बनाने का रिकॉर्ड गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज साई सुदर्शन के नाम है, जिन्होंने 25 पारियों में यह कारनामा किया था।

इस सूची में पाटीदार (30 पारी) दूसरे, सचिन और रुतुराज गायकवाड़ (31-31 पारी) तीसरे नंबर पर हैं। पंजाब के सभी गेंदबाज मैच में छा गए। अर्शदीप सिंह ने 3 ओवर में 23 रन खर्च किए और 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

जेवियर बार्टलेट ने 3 ओवर में 26 रन देकर 1 बल्लेबाज को आउट किया। मार्को यानसन ने 3 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल ने 3 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। हरप्रीत बरार ने 2 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए।