Trending

आईपीएल : बटलर का तूफान, कृष्णा का कहर: गुजरात ने दिल्ली को 7 विकेट से रौंदा

गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के 35वें मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराया। इस संस्करण गुजरात की पांचवीं जीत है। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 8 विकेट पर 203 रन बनाया था। जवाब में गुजरात ने 19.2 ओवर में ही 3 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Associated Press

दिल्ली इस संस्करण दूसरा मुकाबला हारी है। मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 39 रन कप्तान अक्षर पटेल ने बनाए। उनके अलावा आशुतोष शर्मा के बल्ले से 37 रन निकले।

दिल्ली के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए गुजरात के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। जवाब में जोस बटलर ने गुजरात के लिए सबसे बड़ी पारी (97) खेली। उनके अलावा रदरफोर्ड ने 43 रन बनाए।

कृष्णा ने अपने आईपीएल करियर का दूसरा और दिल्ली के खिलाफ पहला 4 विकेट हॉल लिया। कृष्णा ने मैच में अपने कोटे के 4 ओवरों में 10.20 की इकॉनमी से 41 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की। वह इस संस्करण सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।

BCCI

उन्होंने इस संस्करण अब तक 7 मुकाबले खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 14.35 की औसत से 14 विकेट लेने में सफल रहे हैं। मैच में बटलर ने 54 गेंदों का सामना किया और 97 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 171.43 की रही।

यह उनके आईपीएल करियर का 22वां अर्धशतक रहा। आईपीएल 2025 में बटलर के बल्ले से तीसरा अर्धशतक निकला। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों का सामना करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। बटलर ने रदरफोर्ड के साथ मिलकर 119 रन की शानदार साझेदारी निभाई।

गुजरात के लिए कृष्णा के अलावा मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 47 रन देकर 1 विकेट लिया। अरशद खान ने 4 ओवर में 46 रन खर्च किए और उन्हें भी 1 सफलता मिली। राशिद खान ने 4 ओवर में 38 रन दिए और वह एक भी सफलता हासिल नहीं कर पाए।

इशांत शर्मा ने 3 ओवर में सिर्फ 19 रन दिए और 1 विकेट अपने नाम करने में सफल रहे। साई किशोर 1 ओवर में 9 रन दिए। गुजरात के लिए आईपीएल इतिहास का अपना सबसे सफल रन चेज किया। इस मुकाबले से पहले उसने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल 2023 में 198 रन का लक्ष्य हासिल किया था।

ये दिल्ली के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे सफल रन चेज भी है। इस मुकाबले से पहले संयुक्त रूप से यह रिकॉर्ड चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के नाम था। दोनों टीमों ने दिल्ली के खिलाफ 188 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। बटलर और रदरफोर्ड की 119 रन की साझेदारी आईपीएल में तीसरे विकेट के लिए गुजरात के लिए की गई सर्वोच्च साझेदारी है। दोनों ने वाशिंगटन सुंदर और शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ा। दोनों ने 90 रन की साझेदारी निभाई थी।

दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने आईपीएल में अपने 200 छक्के भी पूरे कर लिए। वह आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज 200 छक्के पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। राहुल ने संजू सैमसन का रिकॉर्ड तोड़ा। सैमसन ने 159 पारियों में 200 छक्के पूरे किए थे।

राहुल ने 129 पारियों में ये कारनामा किया है। उनसे तेज 200 छक्के पूरे करने वाले खिलाड़ियों में सिर्फ क्रिस गेल (69) और आंद्रे रसे (97) हैं।