आईपीएल : राहुल की दिल्ली का इम्तिहान, लखनऊ के जोश से होगी भिड़ंत
आईपीएल 2025 अपने निर्णायक दौर में पहुँच चुका है और इस मोड़ पर एक मुकाबला सबकी निगाहों में है—लखनऊ सुपरजायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स। यह सिर्फ दो अंकों की लड़ाई नहीं, बल्कि एक पुराने अधूरे किस्से की नई पटकथा भी है।
सीजन की शुरुआत में दिल्ली ने लखनऊ को एक विकेट से हराकर आखिरी ओवर में करिश्माई जीत दर्ज की थी। अब जब दोनों टीमें इकाना स्टेडियम में आमने-सामने होंगी, तो लखनऊ के पास उस हार का हिसाब चुकता करने का सुनहरा मौका होगा।

मुकाबले को और खास बनाता है एक नाम—केएल राहुल। एलएसजी के पूर्व कप्तान अब दिल्ली की जर्सी में लौट रहे हैं, उस मैदान पर जहां उन्होंने तीन सीज़न तक टीम की अगुवाई की। इकाना की हर पिच, हर कोना उनके लिए जाना-पहचाना है, और उनका फॉर्म भी लखनऊ के लिए चिंता का कारण बन सकता है। छह मैचों में 53.20 की औसत से 266 रन बनाने वाले राहुल को रोकना एलएसजी के गेंदबाजों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
लखनऊ की टीम आत्मविश्वास से लबरेज है। उन्होंने पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को जयपुर में हराया और अब घरेलू मैदान पर जीत की लय कायम रखने को बेताब हैं। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार से उबरने और पॉइंट्स टेबल में वापसी करने की फिराक में है।

एलएसजी की बल्लेबाज़ी इस सीजन में जबरदस्त रही है। निकोलस पूरन इस समय टीम की रीढ़ बन चुके हैं। दिल्ली के खिलाफ 75 रन, केकेआर के खिलाफ नाबाद 87, गुजरात के खिलाफ 61 और सनराइजर्स के खिलाफ 70 रन के साथ वो 350 से ज़्यादा रन बना चुके हैं, और उनका स्ट्राइक रेट 200 के पार है।
उनका साथ दे रहे हैं मार्करम और मिचेल मार्श, जो लगातार उपयोगी पारियां खेल रहे हैं। मार्करम ने आरआर के खिलाफ 66, गुजरात के खिलाफ 58, मुंबई के खिलाफ 53 और केकेआर के खिलाफ 47 रन जोड़े हैं। आयुष बदोनी और अब्दुल समद भी अहम मौकों पर टीम के लिए तेजी से रन बटोरते आए हैं।
हालांकि, लखनऊ की कमजोरी उनकी गेंदबाजी रही है। फैंस को मयंक यादव की वापसी का इंतजार है, जिनकी रफ्तार विपक्षी बल्लेबाजों पर भारी पड़ सकती है। अगर वो इस मैच में उतरते हैं, तो मुकाबले का रंग बदल सकते हैं।

वहीं, दिल्ली की गेंदबाजी लाइनअप में कुलदीप यादव अहम भूमिका निभा रहे हैं। 14.58 की औसत से 12 विकेट चटकाने वाले कुलदीप किसी भी बल्लेबाज़ी क्रम को तहस-नहस कर सकते हैं। मिचेल स्टार्क भी अपनी सटीक यॉर्कर्स और गति से लखनऊ के बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकते हैं।
कुल मिलाकर, यह मुकाबला आंकड़ों से कहीं ज़्यादा जज़्बात का होगा—पुरानी टीम के खिलाफ खेलने उतर रहे राहुल, लखनऊ की जीत की भूख, और दिल्ली की वापसी की जद्दोजहद। इकाना का हर दर्शक इस भिड़ंत का गवाह बनने को तैयार है।