Trending

आईपीएल : गिल-सुदर्शन की जोड़ी ने केकेआर को किया पस्त, गुजरात की छठी जीत

गुजरात टाइटंस  ने आईपीएल के 39वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 39 रन से हराकर अपनी छठी जीत दर्ज की। मैच में गुजरात ने पहले खेलते हुए 3 विकेट पर 198 रन बनाया। जवाब में चुनौतीपूर्ण स्कोर का पीछा करते हुए केकेआर पूरे ओवर खेलने के बाद 8 विकेट पर 159 रन ही बना सकी।

AFP/Getty Images

गुजरात से साई सुदर्शन (52) और शुभमन गिल (90) की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद जोस बटलर ने 23 गेंदों पर 41 रन की पारी खेलकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में रहमानुल्लाह गुरबाज (1) और सुनील नरेन (17) के विकेटों के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे (50) ने संघर्ष किया, लेकिन केकेआर को जीत नहीं दिला सके।

सुदर्शन ने पावरप्ले के दौरान वैभव अरोड़ा के ओवर में 2 बेहतरीन चौके लगाकर अच्छी फॉर्म के संकेत दिए। उन्होंने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और एक छोर संभाले रखा। मौजूदा सीजन में अपनी बेहतरीन लय जारी रखते हुए सुदर्शन ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के से 52 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने गिल के साथ मिलकर 114 रन की साझेदारी की।

सुदर्शन इस सीजन में 400 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने 8 पारियों में 52.12 की औसत और 152.18 की स्ट्राइक रेट के साथ 417 रन बनाए, जिसमें 5 अर्धशतक हैं। आईपीएल करियर में सुदर्शन ने अब तक 33 मुकाबले खेले हैं और इसकी 33 पारियों में 48.36 की औसत और 142.67 की स्ट्राइक रेट से 1,451 रन बनाए हैं।

उनके बल्ले से 1 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। गिल ने पारी का 7वां ओवर करने आए मोईन अली के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने पावरप्ले की समाप्ती के अगले ही ओवर में 1 छक्का और 2 चौके लगाए। उन्होंने 34 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया।

तेजी से बल्लेबाजी करते हुए गिल 50 गेंदों पर 90 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के लगाए। इस बीच उन्होंने सुदर्शन (52) के साथ मिलकर 114 रन की बड़ी साझेदारी भी निभाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए रहाणे ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की।

केकेआर के कप्तान रहाणे ने अपने आईपीएल करियर का 33वां अर्धशतक 36 गेंदों में पूरा किया। वह वाशिंगटन सुंदर की वाइड गेंद पर स्टंप आउट हुए। उन्होंने 36 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 50 रन बनाए। इस बीच उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 500 चौके भी पूरे किए।