नोवाक जोकोविच पहली बार मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खेलेंगे
पूर्व विजेता नोवाक जोकोविच अपना 100वां टूर-स्तरीय खिताब जीतने की उम्मीद में तीन साल में पहली बार मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खेलेंगे। जोकोविच को चौथी वरीयता मिली। उन्हें ड्रॉ के उसी आधे भाग में रखा गया है जिसमें स्थानीय खिलाड़ी और पिछले दो क्लेकोर्ट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले कार्लोस अल्कराज भी हैं।

मैड्रिड में तीन बार के विजेता जोकोविच ने 2022 में सेमीफाइनल में अल्कराज से हारने के बाद इस टूर्नामेंट में नहीं खेला था। जोकोविच ने 99वां खिताब पिछले अगस्त में पेरिस ओलंपिक में जीता था। इसके बाद उन्हें चार टूर्नामेंट के फाइनल में हार मिली थी। इनमें पिछले महीने मियामी ओपन का फाइनल भी है।
जोकोविच यहां चैंपियन बनते हैं तो वह टूर स्तर पर 100 खिताब जीतने वाले दुनिया के तीसरे पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे। जिमी कॉनर्स (109) और रोजर फेडरर (103) ही यह कारनामा कर पाए हैं। जोकोविच ने 2011, 2016 और 2019 में खिताब जीता था। उन्होंने 2016 के फाइनल में अपने कोच एंडी मरे को हराया था। उन्हें इस बार अल्कराज से कड़ी चुनौती मिलने की संभावना है जो 2022 और 2023 में चैंपियन बने थे।