आईपीएल : मुकेश के चार शिकार, केएल-अभिषेक चमके, दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ को दी मात
लखनऊ : मुकेश कुमार (33 रन पर चार विकेट) के बाद अभिषेक पोरल (51) और केएल राहुल (57 नाबाद) के बेहतरीन अर्धशतकों से दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को आईपीएल के 40वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 13 गेंद शेष रहने आठ विकेट से हराया।

इकाना स्टेडियम पर इस जीत के साथ दिल्ली ने गुजरात जायंट्स के बाद प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की कर ली है। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाये, जवाब में दिल्ली ने लक्ष्य को दो विकेट पर हासिल कर लिया।
दिल्ली के मुकेश कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मेजबान टीम को सामान्य स्कोर पर सीमित कर दिया जबकि बाद में अभिषेक और करुण नायर (15) ने अपनी टीम के लिये तेज शुरुआत की जबकि बाद में केएल राहुल और कप्तान अक्षर पटेल (34 नाबाद) ने विजय लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

अक्षर ने 20 गेंदो में एक चौके और चार छक्के जड़कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे पहले केएल राहुल के साथ 56 रन की साझीदारी की। इससे पहले अभिषेक ने केएल राहुल के साथ 69 रन जुटा कर अपनी टीम की राह आसान कर दी थी।
एडन मारक्रम (52) और मिचेल मार्श (45) ने 87 रन की तेज भागीदारी कर अच्छी शुरुआत दी थी मगर मध्य क्रम के बल्लेबाज रन गति को हवा देने में विफल रहे और 20वें ओवर तक एलएसजी छह विकेट पर 159 रन ही बना सकी।

कप्तान ऋषभ पंत (0) एक बार फिर नहीं चले हालांकि आयुष बदोनी (21 गेंद पर 36 रन) से टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा करने में सफल रही। मुकेश कुमार ने 33 रन पर चार विकेट चटका कर एलएसजी के स्कोर को सीमित रखने में अहम योगदान दिया।
मारक्रम और मार्श ने पहले पॉवर प्ले का भरपूर लाभ उठाते हुये 51 रन ठोक दिये। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने हालांकि गेंदबाजी में चतुराई से बदलाव कर रन गति को लय में आने नहीं दिया।
मारक्रम और मार्श ने दसवें ओवर के खत्म होने तक स्कोरबोर्ड में 87 रन बनाए, इस बीच मारक्रम श्रीलंकाई गेंदबाज दुश्मांता चामीरा की गेंद पर हवा में मारने के प्रयास में डीप प्वाइंट पर खड़े स्टब्स को कैच थमा बैठे। मारक्रम ने अपनी 33 गेंदों की अर्धशतकीय पारी में दो चौके और तीन छक्के मारे।
निकोलस पूरन (9) आज भी नहीं चले और दो चौके मारने के बाद मिचेल स्टार्क की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गये। अब्दुल समद (2) मुकेश कुमार का आज का पहला शिकार बने जिन्हे उन्होने अपनी ही गेंद पर लपक कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।
एक छोर पर संयम से खेल रहे मिचेल मार्श को इसी ओवर में मुकेश कुमार ने क्लीन बोल्ड आउट कर मेजबान टीम को दवाब में ला दिया। आखिरी के ओवरों में आयुष बदोनी और डेविड मिलर ( 14 नाबाद) ने रन गति बढ़ाने का सफल प्रयास किया।
बदोनी ने एक के बाद एक छह बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचा कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया मगर उन्हे मुकेश कुमार ने पारी के आखिरी ओवर में यार्कर के जरिये क्लीन बोल्ड आउट कर दिया।