Trending

आईपीएल : लखनऊ ने दिल्ली के सामने रखा 160 रन का लक्ष्य

लखनऊ : एडन मारक्रम (52) और मिचेल मार्श (45) के बीच 87 रन की तेज भागीदारी के बावजूद लखनऊ सुपर जांयट्स मंगलवार को आईपीएल के 40वें मैच में दिल्ली के सामने 160 रन का ही लक्ष्य रखने में सफल हो सकी।

एडन मारक्रम @Associated Press

इकाना स्टेडियम पर मारक्रम और मार्श ने लखनऊ को तेज शुरुआत दी मगर मध्य क्रम के बल्लेबाज रन गति को हवा देने में विफल रहे और 20वें ओवर तक एलएसजी छह विकेट पर 159 रन ही बना सकी।

कप्तान ऋषभ पंत (0) एक बार फिर नहीं चले हालांकि आयुष बदोनी (21 गेंद पर 36 रन) की बदौलत टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा करने में सफल रही। मुकेश कुमार ने 33 रन पर चार विकेट चटका कर एलएसजी के स्कोर को सीमित रखने में अहम योगदान दिया।

मारक्रम और मार्श ने पहले पाॅवर प्ले का भरपूर लाभ उठाते हुये 51 रन ठोक दिये। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में चतुराई से बदलाव कर रन गति को लय में आने नहीं दिया।

मारक्रम और मार्श ने दसवें ओवर की समाप्ति तक स्कोरबोर्ड में 87 रन टांग दिये मगर इस बीच मारक्रम श्रीलंकाई गेंदबाज दुश्मांता चामीरा की गेंद पर हवा में मारने के प्रयास में डीप प्वाइंट पर खड़े स्टब्स को कैच थमा बैठे। मारक्रम ने अपनी 33 गेंदों की अर्धशतकीय पारी में दो चौके और तीन छक्के मारे।

निकोलस पूरन (9) आज भी नहीं चले और दो चौके मारने के बाद मिचेल स्टार्क की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गये।अब्दुल समद (2) मुकेश कुमार का आज का पहला शिकार बने जिन्हे उन्होने अपनी ही गेंद पर लपक कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।

एक छोर पर संयम से खेल रहे मिचेल मार्श को इसी ओवर में मुकेश कुमार ने क्लीन बोल्ड आउट कर मेजबान टीम को दवाब में ला दिया।

आखिरी के ओवरों में आयुष बदोनी और डेविड मिलर ( 14 नाबाद) ने रन गति बढ़ाने का सफल प्रयास किया। बदोनी ने एक के बाद एक छह बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचा कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया मगर उन्हे मुकेश कुमार ने पारी के आखिरी ओवर में यार्कर के जरिये क्लीन बोल्ड आउट कर दिया।