इस एक्ट्रेस के पिता भी कश्मीर में पोस्टिंग के वक्त आतंकी हमले में हुए थे शहीद, पहलगाम की घटना के बाद छलका दर्द

बीते दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने बॉलीवुड की एक एक्ट्रेस के घाव को फिर से उभार दिया है.
22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. इस खौफनाक घटना ने हर किसी को तोड़कर रख दिया है. आपको बता दें कि मंगलवार को हुए आतंकी हमले में घूमने आए पर्यटकों में से 26 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. साथ ही इस हमले में कई लोगों की घायल होने की खबर भी सामने आई है. वहीं पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले ने बॉलीवुड की एक एक्ट्रेस के जख्मों को फिर से हरा कर दिया है.
आतंकी हमले ने इस एक्ट्रेस के जख्मों को किया हरा
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कई बॉलीवुड स्टार्स ने अपना गुस्सा जाहिर किया है. आपको बता दें कि अक्षय कुमार से लेकर विक्की कौशल, रुपाली गांगुली, देवोलीना भट्टाचार्जी और हिना खान जैसे स्टार्स ने हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ितों की ओर सांत्वना दिखाई है. ऐसे में इस आतंकी हमले ने बॉलीवुड एक्ट्रेस निम्रत कौर के भी जख्मों को हरा कर दिया है. बता दें, निम्रत कौर ने इस हमले पर रिएक्शन देते हुए लिखा, ‘दिल टूटने से भी ज्यादा बुरा’.
एक्ट्रेस ने निधन पर कही थी ये बात
बता दें, निम्रत कौर के पिता मेजर भूपेंद्र सिंह 1994 में आतंकी हमले में शहीद हो गए थे. बताया जाता है कि उस वक्त उनकी पोस्टिंग कश्मीर में थी. कश्मीर विद्रोहियों ने उन्हें अगवा कर लिया था और उनकी हत्या कर दी थी. एक्ट्रेस ने अपने पिता के निधन पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि वो अपने पिता के निधन के समय सिर्फ 11 साल की थीं. उनके पिता की मौत बहुत ही हिंसक परिस्थितियों में हुई थी. एक्ट्रेस का कहना था, ‘उनकी यादें आज भी मेरे पास है. मैं ये तय करती हूं कि मैं केवल उन्हें परिवार में ही नहीं बल्कि समाज में भी जीवित रखूं’.