आईपीएल : हैदराबाद की बल्लेबाजी धराशायी, क्लासेन का संघर्ष बेकार, मुंबई ने मारी बाजी
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के 41वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराते हुए अपनी चौथी जीत दर्ज की। हैदराबाद ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 143 रन बनाया। जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा (70) की पारी से लक्ष्य हासिल किया।

हैदराबाद ने पहले खेलते हुए 35 रन तक अपने 5 विकेट खो दिए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन (71) और अभिनव मनोहर (43) ने अच्छी पारियां खेलते हुए टीम का स्कोर 150 के करीब पहुंचाया। मुंबई से ट्रेंट बोल्ट ने 4 सफलताएं हासिल की।
जवाब में मुंबई से रोहित शर्मा ने अच्छी पारी खेलते हुए टीम को 16वें ओवर में आसान जीत दर्ज कराई। सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। हैदराबाद ने जब 13 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब क्लासेन क्रीज पर आए। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच एक छोर संभालने का प्रयास किया।
दबाव की परिस्थितियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 44 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों से 71 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने मनोहर के साथ 99 रन की साझेदारी भी की। बोल्ट ने अपने पहले ओवर में ही विपक्षी सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड (0) को आउट करते हुए विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपने दूसरे और हैदराबाद की पारी के चौथे ओवर में अभिषेक शर्मा (8) का विकेट चटकाया।

इसके बाद अपने आखिरी ओवर के दौरान उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अभिनव मनोहर (43) और कप्तान पैट कमिंस (1) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने 4 ओवर में 26 रन दिए। बतौर इम्पैक्ट प्लेयर मुंबई से पारी की शुरुआत करने आए रोहित अच्छी लय में दिखे। उन्होंने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 46 गेंदों में 70 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए।
रोहित ने टी-20 क्रिकेट में भी अपने 12,000 रन पूरे किये। वह विराट कोहली के बाद टी-20 क्रिकेट में 12,000 रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने। बुमराह ने हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में अपने 4 ओवर के कोटे में 39 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की।
अपने बेमिसाल आईपीएल करियर में उन्होंने अब तक 138 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 22.78 की औसत और 7.32 की इकॉनमी रेट के साथ 170 विकेट लिए हैं। उन्होंने विकेटों के मामले में लसिथ मलिंगा की बराबरी की।
बता दें कि मलिंगा ने 122 मैचों में 19.79 की औसत के साथ 170 विकेट चटकाए थे। क्लासेन बुमराह के टी-20 क्रिकेट करियर का 300वां शिकार बने। वह भारत से यह आंकड़ा छूने वाले सिर्फ दूसरे तेज गेंदबाज बने हैं। बुमराह से पहले भारतीय तेज गेंदबाजों में सिर्फ भुवनेश्वर कुमार 300+ विकेट ले चुके हैं। बुमराह भारत की ओर से 300 टी-20 विकेट वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले युजवेंद्र चहल, पीयूष चावला और भुवनेश्वर ऐसा कर चुके हैं।