नीरज चोपड़ा के जेवलिन इवेंट ‘एनसी क्लासिक’ में नहीं दिखेंगे अरशद नदीम
पाकिस्तान ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने नीरज चोपड़ा के जेवलिन इवेंट ‘एनसी क्लासिक’ में खेलने से मना कर दिया है। उन्होंने यह फैसला एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारी को प्राथमिकता देते हुए लिया है। उन्होंने नीरज के निमंत्रण के लिए उनका आभार जताया है।

बेंगलुरु में ‘नीरज चोपड़ा क्लासिक’ में अरशद नदीम की गैरमौजूदगी रहेगी। नदीम ने बुधवार को एक बयान में कहा, “एनसी क्लासिक इवेंट 20 से 24 मई के बीच है, मैं 22 मई को कोरिया निकलने वाला हूं।” 27 से 31 मई तक कोरिया के गुमी शहर में होने वाली एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारी में जुटे हैं।
सोमवार को नीरज ने मीडिया से बातचीत में बताया था कि उन्होंने अरशद को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा, “मैंने अरशद को निमंत्रण भेजा था। उन्होंने कहा था कि कोच से बात कर के जवाब देंगे।”
नीरज चोपड़ा क्लासिक’ के पहले संस्करण में कई दिग्गज एथलीट खेलेंगे। ग्रेनेडा के दो बार के वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स, जर्मनी के 2016 ओलंपिक स्वर्ण विजेता थॉमस रोहलर, केन्या के 2016 रियो ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट जूलियस येगो और अमेरिका के करंट सीज़न लीडर कर्टिस थॉम्पसन (87.76 मीटर) की भागीदारी तय है।
इवेंट को वर्ल्ड एथलेटिक्स से कैटेगरी ‘ए’ का दर्जा मिला है। इसे नीरज चोपड़ा और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स द्वारा एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और वर्ल्ड एथलेटिक्स के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा है।