Trending

आईपीएल : कोहली और पडिक्कल के अर्धशतक, हेजलवुड की घातक गेंदबाजी से बैंगलोर की जीत

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल के 42वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को 11 रन से हराते हुए इस सीजन में अपनी छठी जीत दर्ज की। मैच में आरसीबी ने पहले खेलते हुए 5 विकेट पर 205 रन बनाया। जवाब में राजस्थान पूरे ओवर खेलने के बाद 9 विकेट पर 194 रन ही बना सकी।

Associated Press

आरसीबी से शीर्षक्रम में विराट कोहली (70) और देवदत्त पडिक्कल (50) ने अर्धशतक लगाए। वहीं, आखिरी ओवरों में जितेश शर्मा ने 10 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। जवाब में यशस्वी जायसवाल (49) और वैभव सूर्यवंशी (16) ने 52 रन की साझेदारी की।

नितीश राणा (28) और जुरेल (47) ने संघर्ष किया। हालांकि, जोश हेजलवुड ने घातक गेंदबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई। कोहली ने पारी का तीसरा ओवर करने आए जोफ्रा आर्चर के खिलाफ लगातार 2 चौके लगाकर अच्छी लय के संकेत दिए।

आरसीबी से पारी की शुरुआत करने आए इस दिग्गज बल्लेबाज ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पडिक्कल के साथ मिलकर 51 गेंदों में 95 रन की साझेदारी की। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे कोहली 42 गेंदों पर 8 चौकों और 2 छक्कों से 70 रन बनाकर आउट हुए।

Getty Images

कोहली एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने इस घरेलू मैदान पर लगभग 108 मैच की 105 पारियों में 40 की औसत के साथ 3,556 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 113 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 शतक और 26 अर्धशतक भी लगाए हैं।

उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज बेंगलुरु में 2,000 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका है। आरसीबी को 61 रन पर फिलिप सॉल्ट (26) के रूप में पहला झटका लगा था। इसके बाद पडिक्कल बल्लेबाजी के लिए उतरे थे।

उन्होंने कोहली (70) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 95 रन की अहम साझेदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। वह 27 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।

आरसीबी से भुवनेश्वर कुमार ने पहला ओवर किया और जायसवाल ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। यह तीसरा ऐसा मौका है, जब उन्होंने पहली गेंद पर छक्का जड़ा है। वह अपने अर्धशतक से चूक गए। राजस्थान की इस सलामी बल्लेबाज ने 19 गेंदों में 49 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके और 3 छक्के भी लगाए।

आरसीबी से हेजलवुड सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 8.20 की इकॉनमी रेट से 33 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की।

हेजलवुड ने जायसवाल, जुरेल, हेटमायर और आर्चर के रूप में प्रमुख विकेट चटकाए। उन्होंने अपने चौथे ओवर के दौरान जुरेल और आर्चर को पवेलियन की राह दिखाई। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने टी-20 करियर में 150 विकेट भी पूरे किए।