Trending

मोईन अली का मंत्र: दृढ़ संकल्प से केकेआर करेगी वापसी

कोलकाता नाइट राइडर्स आठ मैचों में से तीन जीत के साथ इस समय संघर्ष कर रही है। टीम के स्पिन गेंदबाजी हरफनमौला मोईन अली का मानना है कि गत चैंपियन के पास लौटने और आईपीएल प्लेऑफ में जगह बनाने का दमखम है।

साभार : गूगल

केकेआर की मजबूत बल्लेबाजी क्रम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है और टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। केकेआर को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बचे हुए छह में से कम पांच जीतने होंगे। मोईन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार को होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘ हां, निश्चित रूप से (हम प्लेऑफ में जगह बना सकते हैं)।

मुंबई की भी शुरुआत खराब रही थी और अब वे लगातार चार मैच जीत चुके हैं और वे तेजी से आगे बढ़े हैं। हमें भी इसी तरह की मानसिकता रखनी होगी। हमने आधा सफर तय कर लिया है और हमें अब ज्यादातर मैचों में जीत दर्ज करनी होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस टीम ने दिखाया है कि वे रन बना सकते हैं। लेकिन ऐसा करने के लिए दृढ़ संकल्प और विश्वास की काफी जरूरत है।’’

वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह आंद्रे रसेल और रमनदीप सिंह जैसे बल्लेबाज बल्ले से कमाल दिखाने में नाकाम रहे हैं। पंजाब के खिलाफ टीम अपने पिछले मैच में जीत के लिए 112 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दो विकेट पर 62 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन उसने आखिरी आठ विकेट 33 रन के अंदर गवां दिये।

टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत के लिए 239 रन का पीछा करते समय मजबूत स्थिति में थी लेकिन चार रन दूर रह गई। मोईन ने कहा, ‘‘ अभी कुछ समय पहले की बात है जब हम लगभग 240 रन का पीछा करने की स्थिति में थे। यह मानसिकता बनाये रखने के बारे में है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने पिछले दो मैचों में जिस तरह से बल्लेबाजी की है उससे हम बहुत ज्यादा मैच नहीं जीत पाएंगे। यह उस दबाव को दूर करने और अपने कौशल को दिखाने के बारे में है।’’

मोईन ने कहा, ‘‘हमारी असली ताकत यह है कि हमारे पास सुनील नारायण जैसे खिलाड़ी हैं जो बेहद आक्रामक हो सकते हैं। अजिंक्य (रहाणे) जैसे कलात्मक बल्लेबाज भी हैं, जो शानदार फॉर्म में हैं। अंगकृष (रघुवंशी) शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, और फिर वेंकी (वेंकटेश अय्यर), रिंकू (सिंह), मैं, (आंद्रे) रसेल, हमारे पास सब कुछ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास प्रतियोगिता में सबसे मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप में से एक है। अंगकृष और अजिंक्य जैसे कुछ खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन एक इकाई के रूप में हम अच्छा नहीं कर पाए हैं। यह सिर्फ इसे बदलने की बात है।’’