Trending

खिताबी मुकाबला: फॉर्म में चल रही बार्सिलोना बनाम संघर्षरत रियल मैड्रिड

कोपा डेल रे का फाइनल शनिवार को बार्सिलोना और रियल मैड्रिड के बीच होगा। शानदार फॉर्म में चल रही बार्सिलोना जहां सत्र में रियल को तीसरी बार हराने का सपना देख रही है, संघर्ष कर रही रियल मैड्रिड की नज़र एक ट्रॉफीलेस सीज़न से बचने और प्रतिष्ठा बचाने पर होगी।

साभार : गूगल

बार्सिलोना ने इस सीज़न में रियल मैड्रिड को दो बड़े मुकाबलों में हराया। अक्टूबर में ला लीगा के तहत सैंटियागो बर्नब्यू स्टेडियम में 4-0 की जीत और जनवरी में सऊदी अरब में स्पेनिश सुपर कप फाइनल में 5-2 से रियल को हराकर बार्सा ने अपना दबदबा साफ कर दिया है।

यह आठवीं बार होगा जब बार्सिलोना और रियल मैड्रिड इस टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने होंगी। अब तक के सात फाइनल में रियल ने चार और बार्सिलोना ने तीन बार जीत दर्ज की है।

2011 में जोसे मोरिन्हो की कोचिंग में रियल मैड्रिड ने 18 साल के लंबे इंतजार के बाद बार्सिलोना को एक्स्ट्रा टाइम में 1-0 से हराकर ट्रॉफी जीती थी, जिसमें क्रिस्टियानो रोनाल्डो का हेडर गोल ऐतिहासिक बन गया। 2014 का फाइनल भी किसी रोमांचक फिल्म से कम नहीं था, जब गैरेथ बेल ने बाएं किनारे से 50 मीटर की दौड़ लगाकर शानदार गोल दागा और अपनी टीम को 2-1 से जीत दिलाई।

रियल मैड्रिड ने कोपा डेल रे खिताब 1936, 1975, 2011 और 2014 में जीता है, जबकि बार्सिलोना ने 1968, 1983 और 1990 में ट्रॉफी जीती। बार्सिलोना अब तक 31 बार कोपा डेल रे जीत चुकी है, जो कि एक रिकॉर्ड है। एथलेटिक बिलबाओ के नाम 24 खिताब हैं जबकि रियल मैड्रिड 20 के साथ तीसरे स्थान पर है।

दोनों टीमें अब तक कुल 18 बार किसी न किसी फाइनल में एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुकी हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि ये दोनों यूरोपीय दिग्गज अभी तक कभी भी यूईएफए चैंपियंस लीग के फाइनल में आमने-सामने नहीं आए हैं।

रियल मैड्रिड ने अब तक बार्सिलोना के मुकाबले फाइनल्स में 11 बार जीते, जिनमें चार कोपा डेल रे और सात स्पेनिश सुपर कप हैं, जबकि बार्सिलोना ने कुल सात फाइनल्स में जीत दर्ज की है।