अंडर-15 और अंडर-17 एशियाई मुक्केबाजी: भारत के 14 सितारे फाइनल में
भारत के 14 मुक्केबाज एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में आ गये। अंडर-15 वर्ग के सेमीफाइनल में भाग ले रही भारत की 12 मुक्केबाजों में से 10 ने शनिवार को प्रतियोगिता के आठवें दिन अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

कोमल (30-33 किग्रा), नव्या (58 किग्रा) और सुनैना (61 किग्रा) ने आरएससी (रेफरी द्वारा मुकाबला रोकना) में जीत दर्ज की, जबकि खुशी अहलावत (35 किग्रा), तमन्ना (37 किग्रा), प्रिंसी (52 किग्रा) और तृषाना मोहिते (67 किग्रा) ने भी दमदार जीत दर्ज की।
मिल्की मीनम (43 किग्रा) को जीत के लिए थोड़ा संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को 3-2 से हराया। स्वी (40 किग्रा) और वंशिका (70 किग्रा से अधिक) को सेमीफाइनल में बाई मिली थी।
पुरुषों की अंडर-15 प्रतियोगिता में संस्कार विनोद (35 किग्रा) किर्गिस्तान के आर्सेन जोरोबेव पर आरएससी की जीत के साथ खिताबी मुकाबले में जगह पक्की करने वाले पहले खिलाड़ी बने।
उनके अलावा रुद्राक्ष सिंह खैदेम (46 किग्रा), अभिजीत (61 किग्रा) और लक्ष्य फोगाट (64 किग्रा) ने भी फाइनल में जगह बनाई। इन सभी ने अंकों के आधार पर जीत दर्ज की। भारत इस प्रतियोगिता में 43 पदक पहले ही अपने नाम पर पक्का कर चुका है।