एएफसी चैंपियंस लीग: रोनाल्डो की अल-नसर ने दिखाया दम, 4-1 से दर्ज की शानदार जीत
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की अगुआई में सऊदी अरब टीम अल-नसर ने एएफसी चैंपियंस लीग एलीट के क्वार्टर फाइनल में जापान के योकोहामा एफ. मैरिनोस को 4-1 से हराया। रोनाल्डो ने मैच के 38वें मिनट में टूर्नामेंट का अपना आठवां गोल किया। मौजूदा सत्र में यह उनका 33वां गोल है।

एस्टन विला से 100 मिलियन डॉलर से अधिक में इस साल जनवरी में अनुबंधित हुए जॉन डुरान ने 27वें मिनट में गोल कर अल-नसर का खाता खोला जबकि सादियो माने ने इसके चार मिनट के बाद टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।
डूरान ने दूसरे हाफ (49वां मिनट) में अपना दूसरा गोल कर टीम को 4-0 की बढ़त दिलाई। एंडरसन लोपेस ने पांच बार की चैंपियन जापान की टीम के लिए सांत्वना गोल किया। बुधवार को होने वाले सेमीफाइनल में अल-नसर का मुकाबला कतर के अल-साद और जापान के कावासाकी फ्रंटेल के बीच रविवार को खेले जाने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
अन्य मैचों में अल-नसर के सऊदी प्रो लीग प्रतिद्वंद्वी अल-अहली ने थाईलैंड के बुरीराम यूनाइटेड को 3-0 से हराया। टूर्नामेंट का फाइनल तीन मई को होगा। क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक के सभी मुकाबलों का आयोजन जेद्दा में ही होगा।