आईपीएल : कोहली-कृणाल की तूफानी साझेदारी, बैंगलोर ने दिल्ली को धोया
विराट कोहली और कृणाल पंड्या के बीच चौथे विकेट के लिये 84 गेंद में 119 रन की साझेदारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आईपीएल के 46वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर आ गई।

जीत के लिये 163 रन के लक्ष्य के जवाब में आरसीबी ने एक समय 26 रन पर तीन विकेट जाने के बाद 18.3 ओवर में चार विकेट पर 165 रन बनाये। आरसीबी अपने मैदान से बाहर लगातार छह मैच जीतने वाली आईपीएल के इतिहास में पहली टीम बनी।
खचाखच भरे अरूण जेटली स्टेडियम पर ‘कोहली कोहली’ के शोर के बीच विराट ने पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए 47 गेंद में चार चौकों की मदद से 51 रन बनाये जबकि कृणाल ने 47 गेंद में नाबाद 73 रन बनाये जिसमें पांच चौके और चार छक्के भी थे।
दिल्ली के गेंदबाज कमाल करने में नाकाम रहे और खराब फील्डिंग तथा कैच टपकाने का भी उसे खामियाजा भुगतना पड़ा। आरसीबी को आखिरी दो ओवर में 17 रन चाहिये थे और ऐसे में मिचेल स्टार्क की जगह मुकेश कुमार से 19वां ओवर कराना भी हैरानी भरा रहा।
टिम डेविड ने तीन गेंदों पर ही खेल खत्म किया। इस जीत के बाद आरसीबी 10 मैचों में 14 अंक लेकर शीर्ष पर है जबकि दिल्ली नौ मैचों में 12 अंक के साथ चौथे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर आखिरी ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स के 18 गेंद में 34 रन और केएल राहुल के 41 रन की मदद से आठ विकेट पर 162 रन पर बनाये।
आरसीबी के लिये भुवनेश्वर ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिये, जोश हेजलवुड को दो विकेट मिले जिससे इस सत्र में सर्वाधिक 18 विकेट लेकर अब परपल कैप उनके पास है। दिल्ली के बल्लेबाज अरूण जेटली स्टेडियम पर अपने तीसरे मैच में खुलकर खेल नहीं सके।
राहुल ने 41 रन बनाये लेकिन इसके लिये 39 गेंदें खेली और एक भी छक्का नहीं लगा सके। जवाब में आरसीबी की शुरूआत काफी खराब रही और पावरप्ले के छह ओवर में उसके तीन बल्लेबाज 35 रन के स्कोर पर पवेलियन में थे।
अक्षर ने तीसरे ओवर में दो विकेट लेकर आरसीबी को अच्छी शुरूआत नहीं करने दी। जैकब बेथेल (12) पहले आउट हुए जिनका कैच बैकवर्ड स्क्वेयर लेग में आगे की ओर डाइव लगाकर करूण नायर ने लपका। इसी ओवर की चौथी गेंद पर देवदत्त पडिक्कल (0) आउट हुए। अगले ओवर में कप्तान रजत पाटीदार के रन आउट होने से आरसीबी को झटका लगा। तीन विकेट सस्ते में गिरने के बाद विराट और कृणाल ने पारी को संभाला।
कृणाल ने दसवें ओवर में आठ ओवर बाद आरसीबी पारी का दूसरा छक्का दुष्मंता चामीरा को लगाया। उन्होंने 13वें ओवर में मुकेश कुमार को लगातार दो छक्के लगाये जबकि अगले ओवर में कुलदीप को छक्का लगाकर टीम को सौ रन के पार पहुंचाया।
कृणाल ने अपना अर्धशतक 32 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों से पूरा किया। उन्हें तुरंत ही एक जीवनदान भी मिला जब स्टार्क की गेंद पर डीप मिडविकेट में अभिषेक पोरेल ने उनका कैच टपकाया। दूसरे छोर से विराट ने पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए 45 गेंद में चार चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। दिल्ली की शुरूआत काफी तेज रही और पहली ही गेंद पर पोरेल ने भुवनेश्वर को चौका जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिये।
भुवनेश्वर अपने पहले स्पैल में काफी महंगे साबित हुए जिन्होंने तीसरे ओवर में 17 रन दिये। पोरेल ने उन्हें पहले स्क्वेयर लेग के ऊपर और फिर फाइन लेग पर छक्का लगाया। पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस सत्र में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर टीम की पहली जीत के नायक रहे जोश हेजलवुड चौथे ओवर में गेंदबाजी के लिये आये जिन्होंने खतरनाक होते दिख रहे पोरेल को पवेलियन भेजा।
पोरेल 11 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच देकर लौटे। दिल्ली में इस सत्र के पहले मैच में 89 रन बनाने वाले करूण टिक नहीं सके और अगले ओवर में यश दयाल की शॉर्ट गेंद पर हवा में शॉट खेला जिसे लपकने में भुवनेश्वर ने गलती नहीं की।
पावरप्ले के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 52 रन था। राहुल ने पहला चौका 13 गेंद खेलने के बाद सुयश शर्मा को लगाया। दूसरे छोर पर फाफ डु प्लेसी सहज नहीं लग रहे थे और दसवें ओवर में कृणाल ने उनकी पारी का अंत किया।
विराट ने आरसीबी में अपने पूर्व साथी रहे डु प्लेसी (26 गेंद में 22 रन) का कैच लपका। बीच के ओवरों में रनगति इतनी धीमी हो गई कि दिल्ली की पारी का तीसरा छक्का करीब दस ओवर के बाद 13वें ओवर में कप्तान अक्षर पटेल ने कृणाल को जड़ा।
दिल्ली के 100 रन 13.1 ओवर में बने जिसमें से पहले 50 सिर्फ 36 गेंद में और दूसरे 44 गेंद में पूरे हुए। राहुल और अक्षर की साझेदारी को हेजलवुड ने तोड़ा जब अक्षर उनकी गेंद पर आउट हुए। भुवनेश्वर ने 17वें ओवर में दिल्ली को दो करारे झटके दिये। पहले जैकब बेथेल ने सीमारेखा के पास सामने की ओर डाइव लगाकर राहुल का कैच लपका जिन्होंने 39 गेंद में 41 रन बनाये।
राहुल जिस आक्रामक फॉर्म में दिखे हैं, वह आज नजर नहीं आया। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाये जबकि एक भी छक्का नहीं जड़ सके। इसी ओवर में आशुतोष शर्मा़ (दो ) को भी भुवी ने बोल्ड किया। विपराज निगम और स्टब्स ने 15 गेंद में 38 रन की साझेदारी करके दिल्ली को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
हेजलवुड के आखिरी ओवर में 17 रन बने जिसमें विपराज ने छक्का और स्टब्स ने चौका जड़ा। इसके बाद 19वें ओवर में दयाल ने 19 रन दिये जो पारी का सबसे महंगा ओवर था। स्टब्स ने उन्हें एक चौका और एक छक्का लगाया। भुवनेश्वर के आखिरी ओवर में विपराज को कोहली ने सटीक थ्रो पर रन आउट किया। स्टब्स 18 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के के साथ 34 रन बनाकर हेजलवुड को कैच देकर लौटे। आखिरी तीन ओवर में दिल्ली के बल्लेबाजों ने 42 रन बनाये।