Trending

क्रिकेट की नई सनसनी: वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी, दिग्गजों ने की तारीफ

14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए सचिन तेंदुलकर समेत क्रिकेट जगत की मशहूर हस्तियों ने इस विलक्षण बालक को एक उभरता हुआ सितारा बताया।

साभार : गूगल

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए सूर्यवंशी ने सोमवार की रात जयपुर में आईपीएल मैच में गुजरात टाइटंस के राशिद खान को मिडविकेट पर छक्का लगाकर टी20 में सबसे कम उम्र का शतक बनाने वाला खिलाड़ी बनने के बाद क्रिकेट जगत को अपना दीवाना बना दिया।

भारत से 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले तेंदुलकर ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘‘ वैभव का निडर दृष्टिकोण, बल्लेबाजी की गति, लेंथ का जल्दी अनुमान लगाना और अपनी पूरी शक्ति गेंद पर लगा देना उनकी शानदार पारी का नुस्खा था। इसका परिणाम यह था कि वह 38 गेंद पर 101 रन बनाने में सफल रहे। बहुत अच्छी पारी खेली।’’

सूर्यवंशी ने 35 गेंद में शतक जड़कर राजस्थान रॉयल्स के पूर्व बल्लेबाज यूसुफ पठान के किसी भारतीय के टी20 में सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सूर्यवंशी का तब जन्म भी नहीं हुआ था जब 15 साल पहले पठान ने 37 गेंद में शतक लगाया था।

पठान ने कहा, ‘‘एक भारतीय का आईपीएल में सबसे तेज शतक का मेरा रिकॉर्ड तोड़ने के लिए युवा वैभव सूर्यवंशी को बहुत-बहुत बधाई! राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए इसे देखना और भी खास है, जैसा मैंने किया था।’’

भारत के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह ने कहा, ‘‘आप 14 साल की उम्र में क्या कर रहे थे। यह बच्चा बिना पलक झपकाए दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना कर रहा है! वैभव सूर्यवंशी – नाम याद रखें! वह निडर रवैये के साथ खेल रहा है। अगली पीढ़ी को चमकते देखकर गर्व है।’’

@YUVSTRONG12

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज क्रिस श्रीकांत ने सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला सुपरस्टार बताया। उन्होंने कहा, ‘‘14 साल की उम्र में ज्यादातर बच्चे सपने देखते हैं और आइसक्रीम खाते हैं।

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के दावेदारों में से एक के खिलाफ शानदार 100 रन बनाए। उनका धैर्य, कौशल और साहस उनकी उम्र से कहीं अधिक है। हम एक अभूतपूर्व बल्लेबाज का उदय देख रहे हैं। भारतीय क्रिकेट का अगला सुपरस्टार यहां है।’’

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने लिखा, ‘‘वैभव सूर्यवंशी, क्या अविश्वसनीय प्रतिभा है। सिर्फ 14 साल की उम्र में शतक बनाना अविश्वसनीय है। चमकते रहो भाई।’’

भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने कहा, ‘‘वैभव सूर्यवंशी को आज खेलते हुए देखकर ऐसा लगा जैसे इतिहास बनते हुए देख रहे हों। उन्होंने बड़ी सहजता से 35 गेंद पर शतक बनाया। बहुत अच्छा खेला चैंपियन।’’

@M_Raj03

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने इयान बिशप सूर्यवंशी के आक्रामक तेवरोंं से स्तब्ध रह गए। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि हम उनकी प्रशंसा करते हुए बहुत आगे नहीं बढ़ेंगे, लेकिन आप इस तथ्य को नजरअंदाज नहीं कर सकते कि आज की रात बिल्कुल दिमाग हिला देने वाली थी।’’

@irbishi