वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक शतकीय पारी, बिहार हुआ गौरवान्वित
आईपीएल में बिहार का मान बढ़ाने वाले वैभव सूर्यवंशी की सफलता से सभी गदगद हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए सूर्यवंशी ने सोमवार की रात जयपुर में खेले गए आईपीएल मैच में गुजरात टाइटंस के राशिद खान को मिडविकेट पर छक्का लगाकर टी20 में सबसे कम उम्र का शतक बनाने वाला खिलाड़ी बनने के बाद क्रिकेट जगत को अपना दीवाना बना दिया।

लेकिन सिर्फ क्रिकेट जगत ही नहीं राजनीतिक हस्तियां भी वैभव सूर्यवंशी की इस कामयाबी के मुरीद हो गए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वैभव सूर्यवंशी की इस कामयाबी से काफी खुश दिखे। उन्होंने राज्य सरकार की तरफ से वैभव सूर्यवंशी को 10 लाख रूपये की सम्मान राशि देने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र (14 साल) में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी को फोन कर बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि वैभव सूर्यवंशी अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। सभी को उनपर गर्व है। मेरी शुभकामना है कि वैभव सूर्यवंशी भविष्य में भारतीय टीम के लिए नये कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें।
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी वैभव सूर्यवंशी की कामयाबी पर उन्हें बधाई दी है। सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार के लाल वैभव_सूर्यवंशी जी का IPL में असाधारण प्रदर्शन और प्रतिभा को सम्मान देते हुए माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने 10 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि घोषित की है।
सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले वैभव सूर्यवंशी को फिर एक बार बधाई एवं शुभकामनाएं। वैभव सूर्यवंशी जी पर हर बिहारी को गर्व है। एनडीए सरकार खिलाड़ियों के हर कदम पर साथ है।’
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी है। एक्स पर तेजस्वी यादव ने लिखा है कि हमें बिहारी लड़के वैभव सूर्यवंशी पर गर्व है। वो आईपीएल के इतिहास के दूसरे सबसे तेज गति से शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसे जारी रखें।