Trending

दिल्ली पर जीत के बाद केकेआर की बढ़ी मुश्किलें, रहाणे की चोट ने बढ़ाई टेंशन

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान फील्डिंग करते समय चोटिल हो गए। दूसरी पारी के 12वें ओवर के दौरान शॉर्ट कवर पर फील्डिंग के दौरान फॉफ डु प्लेसिस के एक शॉट से उनके दाहिने हाथ में चोट आई।

साभार : गूगल

उसके बाद वह बाकी बचे मैच में नहीं दिखे। केकेआर ने 14 रन से मैच तो जीता, लेकिन कप्तान की चोट कहीं उसे भारी न पड़ जाए। बुधवार को केकेआर का मेडिकल स्टाफ उनकी जांच करके चोट की गंभीरता का पता लगाएगा। चोट लगने के बाद केकेआर कप्तान फील्ड से बाहर चले गए और उसके बाद मैच पूरा होने तक ग्राउंड पर नहीं आए। उनके हाथ में पट्टी बंधी हुई थी। उनके चोटिल होने के बाद बाकी के मैच में सुनील नरेन ने कप्तानी की।

रहाणे की चोट केकेआर के लिए चिंता की बात है। आईपीएल पॉइंट्स टेबल में टीम 10 मैच में 9 अंकों के साथ 7वें नंबर पर है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे बाकी बचे 4 मैच में से कम से कम तीन तो हर हाल में जीतने होंगे। केकेआर के लिए एक तरह से अब आईपीएल का बाकी बचा चरण ‘करो या मरो’ वाला है। ऐसे में अगर रहाणे चोट के चलते कुछ मैच मिस करते हैं तो टीम की प्लेऑफ की उम्मीदों को पलीता लग सकता है।

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए राहत की बात ये है कि रहाणे को लगता है कि उनकी चोट गंभीर नहीं है। असली स्थिति तो बुधवार को मेडिकल जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। केकेआर के फीजियोथेरेपिस्ट प्रशांत पंचाडा उनकी चोट की जांच करेंगे। मैच के बाद उन्होंने प्रजेंटेशन के दौरान अपनी चोट को लेकर कहा कि कोई बड़ी बात नहीं है। मैं ठीक हो जाऊंगा। मैं अच्छा हो जाऊंगा।