चीन के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 22 लोगों की मौत, तीन घायल, लियाओनिंग प्रांत में हुआ हादसा

China Fire: चीन में एक बार फिर से आग का तांडव देखने को मिला. जहां उत्तरी लियाओनिंग प्रांत के लियाओयांग शहर के एक रेस्टोरेंट में मंगलवार को भीषण आग लग गई. इस हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई. जबकि तीन लोग घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि आग लगने की ये घटना मंगलवार दोपहर बाद हुई. इस आग ने एक बहुमंजिला इमारत को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि इमारत की खिड़कियों और दरवाजों से आग की तेज लपटें निकलती देखी गईं.

दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हुआ हादसा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग लगने की ये घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:25 बजे हुई. जिस रेस्टोरेंट में आग लगी वह लियाओनिंग प्रांत के लियाओयांग शहर के एक रिहायशी इलाके में स्थित है. सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, इस घटना को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने “एक गंभीर सबक” बताया है. इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से कहा है कि वे आग लगने के कारणों का जल्द से जल्द पता लगाएं. राष्ट्रपति जिनपिंग ने घायलों का इलाज करें और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा देने की बात कही है. 

आग लगने के कारणों का अभी तक नहीं चला पता

अधिकारियों का कहना है कि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है. हालांकि माना जा रहा है कि चीन में औद्योगिक दुर्घटनाएं अक्सर खराब सुरक्षा मानकों, अपर्याप्त प्रशिक्षण और भ्रष्टाचार से जुड़ी होती हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि रेस्टोरेंट में लगी आग के भी कारण कुछ ऐसे ही हो सकते हैं. आग लगने की इस घटना के बाद चीन के लियाओनिंग प्रांत एक बार फिर सुर्खियों में हैं. क्योंकि ये राज्य हाल के सालों में आर्थिक संकट और घटती आबादी से जूझ रहा है.

चीन में अक्सर होती हैं आग लगने की ऐसी घटना

बता दें कि चीन में आग लगने की ये कोई पहली ऐसा घटना नहीं है. देश के अलग-अलग इलाकों में अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं. पिछले साल रिहायशी इलाकों में गैस रिसाव के चलते कम से कम दो हाई-प्रोफाइल विस्फोट हुए थे. मार्च 2024 में चीन के उत्तरी प्रांत हेबेई के एक रेस्तरां में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हुई थी. जबकि 26 लोग घायल हुए थे.