पीएसजी की शानदार शुरुआत, आर्सेनल को मिली घर में पहली हार
फ्रांस क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन ने चैंपियंस लीग सेमीफाइनल के पहले चरण में आर्सेनल को उसके घरेलू मैदान पर हराकर फाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ा दिया है।

फ्रांस के खिलाड़ी उस्मान डेम्बेले ने मैच के चौथे मिनट में गोल दागकर पीएसजी को शुरुआती बढ़त दिलाई। डेम्बेले ने बीच के घेरे से गेंद आगे बढ़ाई, ख्विचा क्वारात्स्खेलिया को पास दिया और आगे दौड़ लगाते हुए वापस मिली पास पर गोल किया।
गोल के बाद पीएसजी ने पूरे मैच में संतुलित और अनुशासित खेल दिखाया। आर्सेनल को बराबरी का अवसर नहीं मिला और उसे 18 यूरोपीय घरेलू मुकाबलों के बाद पहली हार मिली।
मिकेल आर्तेता टीम मौजूदा विजेता रियल मैड्रिड को दो चरणों में 5-1 से हराकर अंतिम चार में पहुंची थी। पहले हाफ के अंत में गेब्रियल मार्टिनेली का शक्तिशाली शॉट इटली के गोलकीपर जानलुइजी डोनारुमा ने शानदार बचाव से रोका।
दूसरे हाफ की शुरुआत में मिकेल मेरिनो का हेडर गोल में गया, वीडियो सहायक रेफरी ने उसे ऑफसाइड बताकर अमान्य कर दिया। इसके बाद भी लिएंड्रो त्रोसार्ड और मेरिनो ने मौके बनाए, लेकिन डोनारुमा दीवार बनकर खड़े रहे।
मैच के अंतिम समय में पीएसजी ने गति धीमी कर खेल को नियंत्रण में रखा। हालांकि, ब्रैडली बारकोला और गोंकालो रामोस के पास बढ़त को दोगुना करने के मौके थे। लेकिन बारकोला का शॉट लक्ष्य से बाहर चला गया और रामोस की कोशिश क्रॉसबार से टकरा गई।
दूसरा मुकाबला 7 मई को पेरिस के पार्स दे प्रेंस मैदान पर होगा, जिसमें पीएसजी को मामूली बढ़त हासिल होगी। टीम बार्सिलोना या इंटर मिलान के खिलाफ फाइनल में जगह बनाने के करीब है, लेकिन उसे अपने पुराने अनुभवों को ध्यान में रखकर संभलकर खेलना होगा।