Trending

पंजाब किंग्स ने चेन्नई के किले को भेदकर दर्ज की रोमांचक जीत

युजवेंद्र चहल (चार विकेट), अर्शदीप सिंह और मार्को यानसन (दो-दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद श्रेयस अय्यर (72) और प्रभसिमरन सिंह (54) की अर्धशतकीय पारी से पंजाब किंग्स ने बुधवार को आईपीएल के 49वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को उसी के घर में चार विकेट से हराया।

BCCI

191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। पांचवें ओवर में खलील अहमद ने प्रियांश आर्य 15 गेंदों में 23 रन को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्रभसिमरन सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। 13वें ओवर में नूर अहमद ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर इस साझेदारी को अंत किया। प्रभसिमरन सिंह ने 36 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए (54) रन बनाये।

Getty Images

नेहाल वढेरा (पांच) रन बनाकर आउट हुये। चौथे विकेट के रूप में शशांक सिंह 12 गेंदों में (23) रन बनाकर आउट हुये। 19वें ओवर में मतीशा पतिराना ने श्रेयस अय्यर को बोल्ड कर चेन्नई को पांचवी सफलता दिलाई। श्रेयस अय्यर ने 41 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के लगाते हुए (72) रनों की पारी खेली। सूर्यांश शेडगे (एक) रन बनाकर आउट हुये। पंजाब किंग्स ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 194 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से जीत लिया।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए रवींद्र जडेजा, नूहर अहमद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। मतीशा पतिराना और खलील अहमद को दो- दो विकेट मिले। पंजाब किंग्‍स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया है।

बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 22 के स्कोर पर अपने दो विकेट गवां दिये। शेख रशीद (11) और आयुष म्हात्र (सात) रन बनाकर आउट हुये। सीएसके का तीसरा विकेट रवींद्र जडेजा (17) के रूप में गिरा।

डेवाल्ड ब्रेविस 26 गेंदों में 36 रन को ओमरजई ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर बोल्ड आउट किया। 172 के स्कोर पर मार्को यानसन ने सैम करन को जॉश इंग्लिस के हाथों कैच आउट कराकर चेन्नई के बड़ा स्कोर खड़ा करने की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

सैम करण ने 47 गेंदों में नौ चौके और चार छक्के लगाते हुए (88) रनों की पारी खेली। इसके बाद यजुवेंद्र चहल ने चेन्नई के लगातार चार विकेट झटक दिये।

महेन्द्र सिंह धोनी (11), दीपक हुड्डा (दो), अंशुल काम्बोज और नूर अहमद (शून्य) पर आउट हुये। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने शिवम दुबे (11) को आउटकर चेन्नई की पारी का 190 के स्कोर पर अंत कर दिया। पंजाब किंग्स के लिए यजुवेंद्र चहल ने चार विकेट लिये। अर्शदीप सिंह और मार्को यानसन को दो-दो विकेट मिले। अजमतउल्लाह ओमरजई और हरप्रीत बराड़ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।