Trending

पंजाब किंग्स की जीत पर स्लो ओवर रेट का साया, कप्तान पर कार्रवाई

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ स्लो ओवर रेट की वजह से 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। पंजाब ने तय समय के अंदर 20 ओवर पूरे नहीं किए जिसकी वजह से कप्तान पर यह जुर्माना लगाया गया है।

साभार : गूगल

फ्रेंचाइजी की यह इस सीजन पहली गलती है जिस वजह से सजा सिर्फ कप्तान को दी गई है, अगर आगामी मैचों में पंजाब किंग्स इस गलती को दोहराती है तो पूरी टीम को दंड भुगतना पड़ सकता है। बता दें, पंजाब किंग्स ने इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 4 विकेट से हराया।

पंजाब इस जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है, वहीं सीएसके टूर्नामेंट से ही बाहर हो गई है। आईपीएल द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, “पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर बुधवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के मैच 49 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है।”

रिलीज में आगे लिखा है, ” यह आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का सीजन का पहला अपराध था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।”

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स के सामने जीत के लिए 191 रनों का टारगेट रखा था। सीएसके के लिए सैम कुर्रन ने नंबर-3 पर 88 रनों की पारी खेली, मगर उनके अलावा कोई बल्लेबाज कमाल नहीं कर पाया।
डेवाल्ड ब्रेविस 32 रनों के साथ उनके बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

सीएसके के 5 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए। वहीं मेजबान टीम को 190 के स्कोर पर समेटने में अहम भूमिका युजवेंद्र चहल ने निभाई जिन्होंने 19वें ओवर में हैट्रिक ली। यह चहल की आईपीएल में दूसरी हैट्रिक है।

191 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 72 रनों की धुआंधार पारी खेली। उनका साथ सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 54 रन की पारी खेलकर दिया। इन दोनों के आउट होने के बाद एक समय पंजाब की टीम लड़खड़ा गई थी, मगर अंत में टीम दो गेंदें शेष रहते जीतने में सफल रही।