पंजाब किंग्स को बड़ा झटका: ग्लेन मैक्सवेल चोट के कारण आईपीएल 2025 से बाहर
ऊंगली में फ्रेक्चर के चलते पंजाब किंग्स के आस्ट्रेलियाई हरफनमौला ग्लेन मैक्सवेल आईपीएल के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। उनको केकेआर के खिलाफ बारिश के कारण धुले पिछले मैच से पहले चोट लगी थी। उस मैच में वह सात रन बनाकर आउट हुए थे।

उनकी जगह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कल रात को सूर्यांश शेडगे ने खेला जिसमें पंजाब को चार विकेट से जीत मिली। पंजाब ने एक्स पर लिखा ,‘‘ ग्लेन मैक्सवेल ऊंगली में फ्रेक्चर के कारण सत्र के बाकी मैचों से बाहर। हम उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’
मैक्सवेल के साथी आस्ट्रेलियाई और पंजाब किंग्स के मार्कस स्टोइनिस ने चेन्नई के खिलाफ मैच से पहले से कहा था ,‘‘ बदकिस्मती से मैक्सवेल की ऊंगली में फ्रेक्चर हो गया है। उसे लगा नहीं था कि चोट इतनी गंभीर होगी लेकिन यह है। उसका स्कैन कराया गया और नतीजा अच्छा नहीं है। लगता है कि वह अब आगे इस टूर्नामेंट में नहीं खेल सकेगा।’’
टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने कहा ,‘‘ हम विकल्प पर फैसला लेंगे।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ अभी हमें कुछ मैच और खेलने हैं। अभी हम उपलब्ध खिलाड़ियों में से ही विकल्प तलाश रहे हैं। हमारे पास अजमतुल्लाह उमरजइ, आरोन हार्डी और जेवियर बार्टलेट है। हम हालात के अनुरूप टीम संयोजन बनाते हैं।’’